अंबाला सिटी। बुधवार को दिन में काफी गर्मी देखने को मिली। गर्मी के कारण दिन का तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जोकि सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। एक तरफ तो दिनभर लोग गर्मी से परेशान रहे तो शाम होते ही काले बादल आसमान पर छा गए। देखते ही देखते शाम छह बजे तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके कारण गर्मी से राहत मिली। पांच मिलीमीटर बारिश होने से कैंट में कई इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर साफ दृश्यता न होने से वाहनों की रफ्तार भी कम होती दिखी। वहीं रात्रि तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 23 जून तक परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादल छाने तथा हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा राजस्थान व पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना से 18 जून रात्रि से 20 जून के दौरान प्रदेश में ज्यादातर क्षेत्रों में बीच बीच में तेज हवा चलने व कहीं कहीं गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इस के बाद एक और पश्चिमीविक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 22 व 23 जून के दौरान भी राज्य में कहीं कहीं हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभावित। इस दौरान राज्य में दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव न होने परंतु रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है।