पानीपत। जिला बाल संरक्षण समिति और किशोर न्याय अधिनियम के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की मंगलवार को उपायुक्त ने समीक्षा की। इनके बारे जानने के लिए उपायुक्त ने सभी अधिकारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि बाल संरक्षण समिति और किशोर न्याय बोर्ड बच्चों के हितों की रक्षा के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी बच्चों से जुड़े कार्यों का तत्परता एवं निष्ठापूर्वक करने का प्रयास करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के लिए ओर तेजी लाएं।
उपायुक्त सुशील सारवान ने सबंधित अधिकारियों और विशेषकर पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिया कि बच्चों से संबधित मामले में बिना वर्दी के कार्य करते हुए काउंसिलंग करें। उन्होंने संबधित अधिकारियों को समय-समय पर स्थानीय अधीनस्थ चाइल्ड केयर सेंटरों का अवश्य दौरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वोत्तम हित और बाल संरक्षण के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। बैठक में सीटीएम राजेश सोनी, सीएमओ डॉ. जितेंद्र कादियान, डीएसपी ओमप्रकाश और जिला बाल संरक्षण अधिकारी निधि गुप्ता, कानूनी सलाहकार सुमन खर्ब और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।