समालखा। अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत पीओके भारत का हिस्सा है। हम शांतिप्रिय लोग हैं, इसलिए पीओके के लिए झगड़ा नहीं करते। मनिंदरजीत सिंह बिट्टा चंडीगढ़ से दिल्ली जाते समय रविवार को समालखा के हथवाला रोड स्थित नरेंद्र डिकाडला के कार्यालय पर अपने अल्पावास के दौरान मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने पाक व उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई को चेतावनी दी और कहा कि अगर उसने आतंकवादी गतिविधियों को नहीं रोका तो उसे पीओके से हाथ धोना पड़ेगा। बिट्टा ने लोकसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के दिन पाकिस्तान द्वारा किए गए कश्मीर में आतंकवादी हमले की कड़ी भर्त्सना की और कहा कि शायद पाकिस्तान ने यह समझ लिया कि भारत में इस बार मिली जुली सरकार बनी है। इसलिए वह फिर से भारत में आतंकी गतिविधियों को सक्रिय करना चाहता है। पाक व उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई को मालूम होना चाहिए कि जब बात देश की सीमाओं की रक्षा की आती है तो हम सब एकजुट होकर बाहरी शक्तियों का मुकाबला करते हैं। पाक भारत सरकार को कमजोर समझने की भूल न करे। इस मौके पर नरेंद्र डिकाडला, रणधीर शर्मा, गोल्डी, बलिंद्र, दीपक, अनिल चुलकाना, सुनील भोड़वाल माजरी व साहिल खुराना मौजूद रहे।