पानीपत। छोटू राम चौक पर एक कामगार के साथ आधा दर्जन से अधिक युवकों ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला किया। उसने शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने नागरिक अस्पताल में अपना इलाज कराया और मामले की शिकायत किला थाने की पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि जांच अधिकारी उसी पर समझौते का दबाव बना रहा है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शामली जिले के रहने वाले राकेश ने बताया कि वह हाल में पानीपत में धूप सिंह नगर में रहता है। वह सेक्टर 29 में पर्दाें की फैक्टरी में काम करता है। वह बुधवार रात नौ बजे सोनू ने उसे फोन कर छोटूराम चौक पर बुलाया। जब वह चौक पर पहुंचा तो वहां पर बापौली निवासी दिलशाद, धूप सिंह नगर निवासी सोनू, अनुज व अन्य युवक लाठीडंडे लेकर खड़े थे। वह घबरा गया, वह वापस जाने लगा तो आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि उससे 2100 रुपये भी छीन लिए। उसने शोर मचाया तो आरोपी वहां से फरार हो गए। राकेश ने बताया कि यह आरोपी चौक पर खडा होकर लोगों से हफ्ता वसूली करते है, न देने वालों के साथ मारपीट करते है। राकेश का आरोप है कि उसने किला थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी। उसने आरोप लगाया जांच अधिकारी हवलदार संदीप इसमें मुकदमा दर्ज नहीं कर रहे। वे उस पर समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं। वहीं जांच अधिकारी हवलदार संदीप ने कहा कि आरोप निराधार है, शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में रुपये छीनने की बात सामने नहीं आई है। इस मामले में अधिकारियों से बात कर कार्रवाई की जाएगी।