ज्वेलर्स एक्साइज ड्यूटी के विरोध में 29वें दिन अर्धनग्न होकर जीटी रोड पर उतर आए और सरकार विरोधी जमकर नारेबाजी की। ज्वेलर्स ने नगर निगम कार्यालय के नीचे पहुंचकर मेयर को भी खरी-खरी सुनाई। ज्वेलर्स ने आभूषणों पर लगाए गए एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी वापस न लेने की मांग की और ऐसा न होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी। पानीपत ज्वेलर्स एसोसिएशन के बैनर तले सभी ज्वेलर्स मंगलवार को अर्धनग्न अवस्था में लालबत्ती चौक पर पहुंचे। जहां उन्होंने करीब दस मिनट तक जीटी रोड जाम करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रोष व्यक्त किया। इसके बाद ज्वेलर्स पालिका बाजार स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की। जिसके बाद मेयर सुरेश वर्मा कार्यालय से बाहर आए और ज्वेलर्स से गलती मानते हुए बुधवार को धरना स्थल पर पहुंचने की बात कहीं है। इसके बाद ज्वेलर्स पालिका बाजार स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर धरने प्रदर्शन पर बैठ गए। जहां उन्होंने करीब 20 मिनट तक मांगों को लेकर नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ रोष जताया। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने चेताया सरकार की हठता के कारण ज्वेलर्स व आमजन को नुकसान उठाना पड़ रहा है। सांसद से लेकर सीएम तक मांगों को लेकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अगर समय रहते सरकार ने मांगों की तरफ ध्यान नहीं दिया गया तो उग्र आंदोलन पर उतारू होंगे। इस मौके पर संजय वर्मा, शेरचंद कपूर, मोतीलाल, किमत लाल, विशाल वर्मा, पंकज मल्होत्रा , नरेश वर्मा, बादशाह, तात्ताराय, प्रिंस, अजय, सावन, रामकिशोर व विन्नी मौजूद रहे।