सनौली। रोडवेज विभाग ने सनौली खुर्द ब्लाक के कुराड़, धनसौली व सनौली कलां गांव की लड़कियों के लिए रोडवेज बस चलाई हुई थी लेकिन पिछले करीब छह महीने से बस बंद होने के कारण इन तीन गांवों की छात्राओं को पानीपत आने में परेशानी हो रही है। परेशान छात्राओं ने शनिवार सुबह अपने अभिभावकों के साथ कुराड गांव में बस अड्डे पर प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार, जिला प्रशासन व रोडवेज से छात्राओं वाली बस को दोबारा से चालू करने की मांग की गई।
समाजसेवी कपिल देशवाल के नेतृत्व में छात्राओं के अभिभावक शनिवार को सुबह पहले सरपंच प्रतिनिधि टिंकू देशवाल से मिले और छात्राओं की बस को चालू करवाने की मांग की गई। जिस पर टिंकू देशवाल ने छात्राओं के अभिभावकों को आश्वासन दिया कि वे इसको लेकर विधायक मनमोहन भड़ाना व रोडवेज जीएम से बात करेंगे। छात्राओं की बस की समस्या का समाधान जल्द ही कराया जाएगा। छात्राओं ने कहा कि तीनों गांवों से सैकड़ों लड़कियां शहर में स्कूल, कॉलेज व कोचिंग संस्थानों में रोजाना पढ़ने के लिए जाती है। रोडवेज बस पिछले करीब छह माह से बंद है। जिसके चलते छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर जगबीर, मुकेश मास्टर, रवींद्र शास्त्री धनसौैली, राजेंद्र देशवाल, बलिंद्र और छात्राएं नेहा, सुमन, पिंकी, रेखा, मंजू, बबली, ममता, रजनी व कोमल मौजूद रही।संवाद