असंध रोड स्थित एक अस्पताल में शुक्रवार दोपहर को दिव्यांग की उपचार के दौरान मौत हो गई। दिव्यांग की मौत से भड़के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और स्टॉफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया।
जगजीवन राम कॉलोनी निवासी राकेश ने पुलिस को बताया कि उनका दोस्त शशि कुमार (40) दिव्यांग है। वह चल नहीं पाता था। शशि को तीन दिन पहले खून की उल्टी होने पर उन्होंने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान शशि की हालत में काफी सुधार होता जा रहा था। शुक्रवार दोपहर डॉक्टर की टीम ने शशि का चेकअप किया और उसे ऑपरेशन थियेटर में ले गए। कुछ समय पश्चात डॉक्टर ने आकर उन्हें शशि की मौत की सूचना दी। सूचना पर परिजन भड़क गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि शशि के ठीक होने के बावजूद डॉक्टर उसे ऑपरेशन थियेटर ले गए। डॉक्टर ने उपचार के दौरान लापरवाही बरती जिस वजह शशि की मौत हुई। वहीं अस्पताल के डॉक्टर राजेश कौशल ने बताया कि अस्पताल पर लगाए गए आरोप निराधार है, शशि की लगातार खून की उल्टी हो रही थी, जिसके बाद उसे चेकअप के लिए ले जाया गया था, उपचार में कोई लापरवाही नहीं बरती गई।