पानीपत में हादसा: सवारियों से भरी बस और ट्रक की टक्कर, 12 जख्मी, तीन के टूटे दांत और तीन के फूटे सिर
हादसे में तीन के दांत टूटे तो तीन के सिर फूट गए। पांच को मामूली चोटें लगी हैं। जबकि एक की हालत गंभीर है। कोहरे के कारण सिवाह पुलिस लाइन के पास सड़क हादसा हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के पानीपत में जीटी रोड पर कोहरे की वजह से मंगलवार की सुबह सवारियों से भरी रोडवेज बस आगे ट्रक से टकरा गई। हादसे में 12 बस सवाल जख्मी हो गए। इसमें तीन के दांत टूट गए और तीन के सिर फूट गए, जबकि पांच को मामूली चोटें आईं हैं। वहीं एक की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
बस चालक के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ। इससे पहले वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे बहादुरगढ़ डिपो की बस लेकर चंडीगढ़ के लिए निकला था। बस में करीब 40 सवारियां थीं। सोनीपत पार करने के बाद अचानक कोहरा बढ़ता चला गया।
इस दौरान आगे चल रहे ट्रक ने पुलिस लाइन के पास अचानक ब्रेक लगा दिए, जिस वजह से बस टकरा गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही डॉयल 112 और सेक्टर 29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में दो महिला समेत 12 सवारी घायल, एक रेफर
हादसे में सोनीपत के रामपुर निवासी गौरव (25), यूपी के बलिया जिला निवासी नीलू (40), बहादुरगढ़ निवासी शमशेर (38), मुरथल निवासी ज्योति पत्नी अजय (27), सोनीपत के सेक्टर 14 निवासी एसआई सुरेंद्र, बेघा निवासी वीरेंद्र(26), मुरथल निवासी ओमवति (50) पत्नी होशियार सिंह, बेघा निवासी श्रवण(24), करनाल निवासी सुमन पत्नी कमल(27), विजय घायल हो गए। जबकि अनिल के सिर में गंभीर चोट लगी है, उसे पीजीआई रेफर किया गया है।
ज्वाइनिंग से पहले सिर में लगे 16 टांके
यूपी के बलिया और गांव आम चौरा छाता निवासी नीलू ने बताया कि अंबाला स्थित ऋषि सोलर कंपनी में इंटरव्यू दिया था, मंगलवार को ज्वाइन करने जा रहा था। हादसे के वक्त सिर खिड़की में जा टकराया और वह बेहोश हो गया। जब होश आया तो वह अस्पताल में था। सिर में 16 टांके लगे।
एसपी ऑफिस में तैनात सब इंस्पेक्टर के मुंह में लगी चोट
सोनीपत के सेक्टर-14 निवासी एसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वह पानीपत एसपी ऑफिस में तैनात है। वह बस में आगे वाले केबिन में बैठे थे। हादसे में उनके मुंह में चोट लगी है, इसी चोट की वजह से वह बोलने में असमर्थ है।
हादसे में टूटे चार दांत
गन्नौर गांव निवासी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर परिवार को चलाते हैं। वह मजदूरी करने के लिए सुबह बस में सवार होकर पानीपत आ रहे थे। रास्ते में हुए हादसे की वजह उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि चार दांत भी टूट गए।
प्राथमिक जांच में चालक की मिली लापरवाही : नरेंद्र
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जांच की तो उसमें बस चालक की लापरवाही देखने को मिली। सवारियों की हालत गंभीर है, जिस वजह से उनके बयान दर्ज नहीं किए गए हैं। बयान दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। - नरेंद्र कुमार, जांच अधिकारी सेक्टर 29 थाना।