पानीपत। गांव सनौली खुर्द में अपने ही घर से सोने- चांदी के जेवर व नकदी चोरी करने के बाद एक आरोपी दो और वारदातों को अंजाम दे चुका था। आरोपी को सीआईए टू ने सोमवार रात को गुप्त सूचना पर पकड़ लिया। आरोपी यहां पर चोरी किए गए सोने के जेवर बेचने की फिरार में घूम रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने व चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं। आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
सीआईए-टू प्रभारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने सोमवार रात को गुप्त सूचना पर बलजीत नगर नाका से गांव सनौली खुर्द निवासी शैंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शैंकी ने एक फरवरी को अपने ही घर से सोने के जेवर व 20 हजार रुपये चोरी किए थे। उसके पिता बाल किशन ने इस संबंध में पुलिस में केस दर्ज कराया था। पुलिस तब से ही उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। शैंकी ने अब पुलिस पूछताछ में दो और वारदातों में कबूलनामा किया है। शैंकी ने बताया कि उसने 15 दिन पहले गांव पट्टीकल्याणा के पास एक बाइक चोरी की थी। इसके बाद उसने छोटू राम चौक पर भी एक बाइक सवार से मोबाइल व 500 रुपये लूटे थे। सोमवार रात को शैंकी बलजीत नगर नाका के पास चोरी किए गए जेवर बेचने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना पर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से सोने की चार अंगूठी, एक जोड़ी कानों के टोपस, एक मंगलसूत्र, एक हार, चांदी की तीन जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी चुटकी व एक हाथ फूल बरामद किया है। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।