अमेरिका भेजने के नाम पर घरौंडा के युवक से ठगों ने 25 लाख रुपये ठग लिए। उसे मैक्सिको ले जाकर दीवार फांदने के लिए कह दिया गया, जहां अमेरिका की पुलिस ने उसे धरदबोचा। वहां जेल काटकर करनाल लौटा और पानीपत निवासी ठग से रकम वापस मांगी तो उसने जान से मारने की धमकी दी। आईजी करनाल से शिकायत की, जिस पर पानीपत पुलिस ने ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
गांव डिंगर माजरा तहसील घरौंडा निवासी अनिकेत ने बताया की वर्ष 2018 में वह असंध रोड निवासी बलवीर सिंह से मिले । उसने 20 लाख रुपये में अमेरिका भेजने की बात कही। जाने से पहले 10 और वहां पहुंचने के बाद 10 लाख रुपये देने की बात तय हुई। परिजनों ने बलबीर को 10 लाख रुपये, उसका पासपोर्ट और अन्य कागजात दे दिए। गत 16 मार्च 2019 को बलबीर ने उसे दिल्ली से इथोपिया की फ्लाइट में बैठा दिया । वहां पर जाते ही उसे बंधक बना लिया और घरवालों से बाकी के 10 लाख की मांग की। घर वालों ने 10 लाख रुपये दी। जिसके बाद उसे मैक्सिको ले जाया गया, वहां से उसे दीवार फांद कर अमेरिका में प्रवेश करा दिया । वंहा पर जाते ही अमेरिका की पुलिस ने उसे पकड़ लिया और जेल में डाल दिया। इस दौरान उसके परिजन बलबीर से मिले तो उसने वकील व अन्य खर्चों के लिए पांच लाख रुपये और ले ली। अमेरिका पुलिस ने उसे जेल भेजा और फिर उसे भारत लौटा दिया। जब वह बलवीर से पैसे वापस मांगने गया तो उसने जान से मारने की धमकी दी । उसके बाद उसने आईजी करनाल रेंज को मामले की शिकायत दी। थाना मॉडल टाउन के एएसआई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी हैै।