पंचकूला। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) केंद्र की टीम ने बुधवार को सेक्टर-6 सिविल अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान अस्पताल में मिलने वाली सुविधाएं जांची गईं। अस्पताल की सुबह और शाम को चलने वाली ओपीडी, लेबर रूम में मिलने वाली सुविधा, क्रिटिकल केयर यूनिट, सर्जरी वार्ड, कितने मरीजों का इलाज, सीनियर सिटीजन काॅर्नर सहित अन्य बीमारियों के बारे में जानकारी हासिल की। मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं का वीडियो बनाया गया। टीम के कोआर्डिनेटर डॉ. परविंदर गौतम ने सभी सुविधाओं के बारे में जाना। इस दौरान उनके साथ पंचकूला सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार, पीएमओ डॉ. उमेश मोदी, सहित टीम के अन्य डॉक्टर भी मौजूद रहे। उन्होंने अस्पताल के निक्कू वार्ड सहित मिलने वाली सभी अत्याधुनिक सुविधाओं के बारे में बताया। टीम ने टीबी वार्ड, मेडिसिन वार्ड, आईसीयू वार्ड सहित सभी जगह की ओपीडी का दौरा किया। लोगों को किस तरह से इलाज की बेहतरीन सुविधा देश के अन्य अस्पतालों में दी जा सकती है। इसे लेकर टीम की ओर से रिपोर्ट बनाई जाएगी और डब्लयूएचओ में इसके बनाए गए वीडियो के हिसाब से सरकारी अस्पतालों में सुविधा देने के लिए काम किया जाएगा। टीम ने दौरा कर संतोष जताया है। पंचकूला के पीएमओ डॉ. उमेश मोदी ने बताया कि टीम ने अस्पताल की सुविधाओं को जांचा है। जल्द ही वह अस्पताल की तर्ज पर देश के अन्य अस्पतालों में सुविधा देने के लिए काम कर रहे हैं।