Punjab: सीएम भगवंत मान बोले- क्रिकेटर ने धर्मशाला में बताया पूरा मामला, चन्नी अपने भांजे-भतीजों से पूछ लें
आरोप है कि चन्नी के भांजे से मिलने पर उसने क्रिकेटर से दो करोड़ रुपये की मांग की थी। इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने क्रिकेटर को भरोसा दिलाया कि वह कार्रवाई भी करेंगे और जल्द से जल्द नौकरी देने की व्यवस्था भी करेंगे।
विस्तार
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे द्वारा सूबे के एक क्रिकेटर से नौकरी के एवज में दो करोड़ रुपये रिश्वत मांगे जाने का मामला जल्दी ही विजिलेंस को जांच के लिए सौंप दिया जाएगा। यह संकेत मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिए। हालांकि उन्होंने क्रिकेटर का नाम सार्वजनिक करने से इन्कार किया लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि पूरे मामले की जांच अवश्य कराई जाएगी।
चंडीगढ़ में मंगलवार को इमरजेंसी रिस्पांस व्हिकल (ईआरवी) के फ्लीट को हरी झंडी दिखाने के मौके पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह चन्नी साहब से इतना ही कहना चाहते हैं कि दो-चार दिन और लगा लें और अपने भांजे-भतीजों से पूछ लें फिर मैं खिलाड़ी को सामने ले आउंगा इसलिए जहां हैं वहां ढके रहें।’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मामले की जांच अवश्य कराई जाएगी। हो सकता है कि चन्नी को बताए बिना उनके भांजे-भतीजे ऐसे काम करते रहे हों, तभी तो उनके घरों से 8-8 करोड़ रुपये निकलते रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि जब वह धर्मशाला में क्रिकेट मैच देखने पहुंचे तब उस खिलाड़ी ने सारे मामले की जानकारी दी। यह खिलाड़ी आईपीएल में पंजाब किंग्स से खेल रहा है।
भगवंत मान ने कहा कि खिलाड़ी ने पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह से नौकरी का आग्रह किया था लेकिन कैप्टन ने नौकरी नहीं दी। इस बीच मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के अनुसार जल्द ही यह मामला विजिलेंस को सौंप दिया जाएगा ताकि इस बात का खुलासा हो सके कि रिश्वतखोरी में चन्नी और उनके भांजे के बीच क्या साठगांठ रही है? गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तेज गेंदबाज के रूप में पहचान बनाने वाले पंजाब के इस क्रिकेटर ने आरोप लगाया था कि नौकरी दिलाने के एवज में उनसे दो करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। यह क्रिकेटर जब रिश्वत की रकम नहीं दे सका तो चन्नी सरकार ने उन्हें नौकरी भी नहीं दी।
जानकारी के अनुसार क्रिकेटर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलकर उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। इसमें उसने यह भी बताया है कि वह जब मुख्यमंत्री चन्नी से मिले तो उन्होंने ही उसे अपने भांजे से मिलने को कहा। भांजे से मिलने पर उसने क्रिकेटर से दो करोड़ रुपये की मांग की थी। इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने क्रिकेटर को भरोसा दिलाया था कि वह कार्रवाई भी करेंगे और जल्द से जल्द नौकरी देने की व्यवस्था भी करेंगे।