{"_id":"67b245411ae736ad1c035244","slug":"the-road-was-closed-six-hours-before-the-concert-the-noise-was-so-intense-that-the-patients-could-not-sleep-and-the-students-were-also-disturbed-panchkula-news-c-87-1-pk11006-119690-2025-02-17","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Arijit Singh Concert: सभी व्यवस्थाएं धड़ाम, भीषण जाम से जूझे लोग; धमक इतनी न मरीज सो पाए और न बच्चे पढ़ पाए","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Arijit Singh Concert: सभी व्यवस्थाएं धड़ाम, भीषण जाम से जूझे लोग; धमक इतनी न मरीज सो पाए और न बच्चे पढ़ पाए
Mon, 17 Feb 2025 01:36 AM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, पंचकूला
संवाद न्यूज एजेंसी, पंचकूला
Published by: चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Mon, 17 Feb 2025 01:36 AM IST
सार
गायक अरिजीत सिंह का लाइव कन्सर्ट शाम को छह बजे शुरू हुआ। रात दस बजे तक शो चला। चार घंटे के शो के कारण लोगों को पूरा रविवार परेशानियों से जूझना पड़ा।
विज्ञापन
लाइव कन्सर्ट में प्रस्तुति देते अरिजीत सिंह
- फोटो : संवाद
विस्तार
पंचकूला में बाॅलीवुड गायक अरिजीत सिंह के चार घंटे के लाइव कन्सर्ट से पूरी व्यवस्था हिल गई। कन्सर्ट के चलते शहर के कई मुख्य रास्ते दस घंटे तक बंद रखे गए। इससे लोग सड़कों पर लगे जाम से जूझते रहे।
लाइव कन्सर्ट शाम छह बजे शुरू होना था लेकिन पुलिस और प्रशासन की सभी व्यवस्थाएं शाम चार बजे के बाद से ही फेल हो गईं। चार घंटे तक चलने वाले इस शो की वजह से पुलिस ने पंचकूला सेक्टर-5 के आसपास के सभी रास्तों को 10 घंटे पहले से ही बंद कर दिया था, जबकि यह शो शाम 6 बजे से शुरू होकर रात 10 बजे तक ही चला।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
लाइव कन्सर्ट शाम छह बजे शुरू होना था लेकिन पुलिस और प्रशासन की सभी व्यवस्थाएं शाम चार बजे के बाद से ही फेल हो गईं। चार घंटे तक चलने वाले इस शो की वजह से पुलिस ने पंचकूला सेक्टर-5 के आसपास के सभी रास्तों को 10 घंटे पहले से ही बंद कर दिया था, जबकि यह शो शाम 6 बजे से शुरू होकर रात 10 बजे तक ही चला।
विज्ञापन
डीजे की धमक से हिले खिड़कियां और शीशे
वहीं, डीजे की धमक से शाम 4 से रात 10 बजे तक लोगों के घरों के खिड़की और शीशे हिलते नजर आए। इस लाइव कन्सर्ट के डीजे की आवाज इतनी तेज थी कि सिविल अस्पताल के मरीजों सहित सेक्टर-5, 8, 9, 6, 10 के करीब 25-30 हजार लोगों का 4 घंटे तक घरों में रहना मुश्किल हो गया था। स्टेज के सामने जाने के लिए बनाए गए एंट्री गेट से लेकर पार्किंग तक जाने के लिए लोग आपस में ही लड़ते नजर आए। जिन्हें पार्किंग में जगह नहीं मिली उन्हें अपनी वाहन सड़क किनारे ही खड़े करके अंदर जाना पड़ा।लोग बोले -आबादी के बीच में ऐसे आयोजन नहीं करवाने चाहिए
पंचकूला के सेक्टर-8, 9 और 10 के मार्केट की ओर जाने वाले रास्तों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया था। वहीं, सेक्टर-5 का पेट्रोल पंप भी पूरे दिन बंद रहा। इसके चलते सेक्टरों सहित आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घनी आबादी के बीच इस तरह के आयोजन करने से पहले पुलिस और प्रशासन को एक बार पब्लिक की सुविधाओं के बारे में भी सोच लेना चाहिए।
पार्किंग में नहीं मिली जगह, सड़कों पर खड़े किए वाहन
शो में पहुंचे लोगों के लिए पार्किंग की पूरी व्यवस्था नहीं होने के कारण उनको सड़कों पर ही अपने वाहन खड़े करके जाना पड़ा। चारों तरफ पार्किंग में असुविधा ही दिखाई दी। इस वजह से शो के बाद कई चौराहों पर घंटों तक जाम में वाहन चालक फंसे रहे। बता दें कि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात सुचारू रूप से चले, इसके लिए एक दिन पहले शनिवार को ही पुलिस की ओर से रिहर्सल की गई थी। इसके बावजूद लोगों को पुलिस ने दिनभर छकाया।
रविवार को चंडीगढ़ से आने वाले वाहन चालकों को रूट बारे में जानकारी नहीं होने की वजह से कई घंटों तक शहर में घूमते रहे। दोपहर 12 बजे से रूट बंद करने से सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल जाने वाले मरीजों और तीमारदारों को भी दिक्कतें आईं। उन्हें दूसरे रास्तों से लंबी दूरी तय करके अस्पताल जाना पड़ा।
300 जवानों के भरोसे रही सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस प्रशासन ने इस शो की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी को संभालने के लिए 300 से अधिक जवानों की तैनाती की थी, लेकिन 15 हजार से अधिक संख्या में भीड़ जुटने की सारी व्यवस्था फेल हो गई, क्योंकि इससे दोगुनी संख्या में लोग पहुंचे थे। एक ओर जहां कन्सर्ट को देखने के लिए लोग पहुंचे तो वहीं दूसरी ओर गायक को देखने के लिए उमड़ी फैंस की भीड़ की वजह से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी और दर्शकों के बीच में खूब बवाल मचा। शो के शुरू होने से लेकर खत्म होने तक मेला मैदान के चारों ओर जाम की स्थिति बनी रही।
लाइव कन्सर्ट में घुसने की कोशिश में लगे रहे फैंस
जैसे ही शाम को छह बजे लाइव कन्सर्ट को देखने के लिए एंट्री शुरू हुई तो बाहर खड़े फैंस का हुजूम भी गायक को देखने के लिए उमड़ पड़ा। देखते ही देखते हजारों की संख्या में युवाओं की भीड़ जमा हो गई। वहीं, अरिजीत सिंह की एक झलक पाने के लिए कोई दीवारों पर चढ़ने के प्रयास में दिखा तो कोई वाहन के ऊपर ही खड़े होकर देखने की कोशिश करता रहा। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी लोगों के उत्साह को रोकने में असफल नजर आए।आसपास के लोगों ने बताई अपनी परेशानी
घर की खिड़की और शीशे डीजे की तेज धमक के कारण हिल रहे थे। लग रहा था कि शीशे टूट ही जाएंगे। आवाज इतनी तेज थी कि घर में रहना मुश्किल हो गया था। घनी आबादी के बीच इस तरह के आयोजन प्रशासन को नहीं होने देने चाहिए थे। शहर से बाहर करने चाहिए। अपने ही सेक्टर में लोग पूरे दिन आयोजन के चलते घरों में बंद रहे। -भारत हितैशी, निवासी सेक्टर-10 पंचकूलातेज आवाज से चार घंटे झेली परेशानी
रविवार को डीजे की तेज आवाज के कारण शाम चार से लेकर रात दस बजे तक चार घंटे हम लोग परेशानी झेलते रहे। आवाज इतनी तेज थी कि बुजुर्गों का घर में रहना बहुत मुश्किल हो गया था। रास्ते बंद होने के कारण पूरा दिन हम लोग घर में ही बंद रहे। शनिवार की शाम को भी रिहर्सल के दौरान हम लोग परेशान हुए थे। रविवार को भी पूरे दिन लोगों को परेशान होना पड़ा है। -तरसेम गर्ग, स्थानीय निवासीप्रशासन भविष्य में सचेत रहे
इस तरह के बड़े आयोजन शहर के बीच में करवाने को लेकर प्रशासन को अब भविष्य के लिए सचेत रहना चाहिए। ऐसे आयोजन शहर के बाहर ही होने चाहिए। न कि सेक्टरों के बीच में। मार्केट में पार्किंग की जगह नहीं है। मजबूरन लोगों को मेला ग्राउंड के चारों ओर सड़कों के किनारों पर ही अपने वाहन खड़े करने पड़े। प्रशासन को अंदाजा होना चाहिए था कि ऐसे बड़े आयोजन से लोग परेशान होंगे। -नवल कुमार, निवासी सेक्टर-8 पंचकूला
प्रशासन ने बिना सोचे-समझे दी अनुमति
रविवार को सुबह से ही पुलिस की ओर से मेला ग्राउंड के आसपास के पेट्रोल पंप बंद करवा दिए गए थे। इससे एक भी ग्राहक पेट्रोल पंप पर नहीं पहुंच पाया। आसपास के सभी सेक्टर के लोगों को भी रास्ता बंद होने की वजह से काफी दिक्कतें हुई हैं। प्रशासन ने इसकी योजना ठीक से नहीं बनाई, बिना सोचे-समझे ही शहर के बीच में इतना बड़ा आयोजन करने की अनुमति दे दी। यह बिलकुल लापरवाही है। -विजय रावत, कर्मचारी, सेक्टर-8 पेट्रोल पंप
चल रहीं परीक्षाएं, पढ़ाई हुई प्रभावित
सबको पता है कि 10वीं और 12वीं के बच्चों की बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं। सोमवार को भी बच्चों की परीक्षा है, जबकि रविवार को इतनी तेज आवाज में शो करवा दिया गया है। इस तरह के आयोजन कर प्रशासन ने स्कूली बच्चों को मुसीबत में डाल दिया है। डीजे की तेज आवाज के चलते बच्चे सुबह से ही पढ़ नहीं पाए हैं। वहीं अस्पताल में दाखिल मरीजों सहित आसपास सेक्टरों के लोगों का घर में रहना मुश्किल हो गया है। -राकेश अग्रवाल, विकास मंच पंचकूला।