कल से ऐसे होंगे माता मनसा देवी और महाकाली के दर्शन, मंदिर में किसी भी चीज को छूने पर रोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र सरकार की ओर से सभी धार्मिक स्थलों को सोमवार से खोलने के आदेश के बाद से माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड ने भी मंदिर खोलने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी के मद्देनजर शनिवार को माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के सीईओ एमएस यादव ने भी कालका काली माता मंदिर का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को मंदिर में दर्शन करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं केवल सरकारी आदेश जारी होने का इंतजार किया जा रहा था। सोमवार से नियमों के अनुसार श्रद्धालु मंदिर में माता के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर सचिव पृथ्वी ने बताया कि सभी श्रद्धालु मास्क लगाकर मंदिर आएं और सोशल डिस्टेंसिंग का खास ध्यान रखें।
यह भी पढ़ें- ‘मोम की गुड़िया’ के हीरो रवि चोपड़ा जूझ रहे कैंसर से, आर्थिक हालात खराब, सोनू सूद से मांगी मदद
बताया कि मंदिर की सभी घंटियों को उतारा जाएगा अथवा कवर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए सुबह 6 बजे से रात्रि साढ़े 8 बजे तक मंदिर के कपाट खुले रहेंगे। मंदिर के बाहर जल्द गाइडलाइन संबंधी बैनर भी लगा दिए जाएंगे। काली माता मंदिर के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं को माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की वेबसाइट पर ही रजिस्ट्रेशन के लिए लॉगइन आइडी दी जाएगी।
मेन गेट से होगी एंट्री व संतोषी माता मंदिर से एग्जिट
कालका मंदिर सचिव पृथ्वी ने बताया कि मंदिर के मुख्य द्वार से श्रद्धालुओं की एंट्री होगी, जिसकी स्क्रीनिंग होने के बाद यदि तापमान सही आता है तो केवल उसे ही मंदिर में जाने दिया जाएगा। बताया कि स्क्रीनिंग के बाद वह जूता घर में अपने जूते व चप्पल उतारेंगे। उसके बाद श्रद्धालु हाथ सैनिटाइज करने के अलावा साबुन से हाथ व पैर धोने के बाद आगे बढ़ेंगे। वहीं मंदिर के अंदर से ही संतोषी माता मंदिर वाले गेट से बाहर आएंगे।
एक घंटे में करीब 90 श्रद्धालु कर सकेंगे मां के दर्शन
एक घंटे के भीतर 90 श्रद्धालुओं को मां के दर्शन करवाने की व्यवस्था की गई है। बताया कि एक बार में करीब दस श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश कर सकेंगें। जोकि मंदिर में विछे दस मेट जोकि सोशल डिस्टेंसिंग व नंबरों के साथ रखी गई हैं पर खड़े होकर लाइन के आधार पर दर्शन करेंगे। मंदिर में यदि आरती अथवा किसी कारणवश संख्या बढ़ जाती तो मंदिर के सामने बने हाल में उनको नंबर वाइस खड़े करने का प्रबंध किया गया है।
श्रद्धालु मंदिर में किसी भी मूर्ति व जगह को हाथ नहीं लगाएंगे । बताया कि श्रद्धालु मंदिर के मेन गेट के सामने गल्ले में चढ़ावा चढ़ा सकते हैं। एंट्री होने के बाद श्रद्धालु को दर्शन के लिए 20 सेकेंड का समय मिलेगा। वहीं मंदिर में मौजूद मुख्य पुजारी हेड शील्ड लगाए हुए होंगे।
मंदिर में न मिलेगा न चढ़ेगा प्रसाद
मंदिर सचिव ने बताया कि मंदिर में किसी भी तरह का प्रसाद न तो चढ़ाया जाएगा न ही श्रद्धालुओं को दिया जाएगा। शिवालय पर भी जल व दूध भी नहीं चढ़ेगा। मंदिर के किसी भी स्थान को छूने पर रोक है। समय-समय पर मंदिर को सैनिटाइज किया जाएगा। दस साल से छोटी आयु के बच्चे व 65 साल से अधिक आयु वाले बुजुर्ग बाहर निकलने से बचें। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान श्रद्धालुओं ने जो संयम और एकाग्रता का परिचय दिया है उसके लिए मंदिर प्रशासन उनका आभार प्रकट करता है।
पास से कर सकेंगे माता मनसा देवी के दर्शन
श्री माता मनसा देवी मंदिर के कपाट 8 जून से श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। मंदिर के कार्यकारी अधिकारी एमएस यादव ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखकर मंदिर परिसर में लोग दर्शन कर सकेंगे। इसमें पास के द्वारा इंट्री दी जाएगी। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ लोगों को कोरोना से जागरूक करने के लिए मंदिर परिसर के बाहर बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि लोग मंदिर खुलने पर सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखकर मंदिर में आएं। मंदिर में दर्शन के लिए बाकायदा प्रशासन की ओर से पास की अनुमति ली जाएगी। इसके बाद ही मंदिर दर्शन के लिए खोला जाएगा। मंदिर में भक्तों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद दर्शन करने की इजाजत दी जाएगी। यहां पर थर्मल स्क्रीनिंग करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात होगी।
मनसा देवी मंदिर को नगर निगम की टीम की तरफ से सैनिटाइज किया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से अगर किसी में खांसी, जुकाम, बुखार की शिकायत मिली तो उसे मंदिर में दर्शन से रोका जाएगा।
शहर के मंदिर खोले जाएंगे
पंचकूला शहर के सभी मंदिरों को 8 जून से खोले जाने की तैयारी है। यहां पर मंदिरों को खोले जाने से पहले 8 जून को यज्ञ किया जाएगा। यज्ञ के साथ मंदिरों को खोला जाएगा। मंदिर में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखकर ही लोग दर्शन के लिए आएंगे। मंदिर में लोगों को मॉस्क के बिना एंट्री नहीं दी जाएगी।
शहर के सभी मंदिरों में मास्क लगाने के साथ ही लोगों को हैंड सैनिटाइजर भी उपलब्ध कराया जाएगा। लोगों को कोरोना से बचाने के लिए सभी मंदिरों में गाइडलाइन भी लगाई गई हैं। मंदिरों के पुजारियों की ओर से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए पूरी तैयारी की जा चुकी है। सेक्टर-16 सनातन धर्म मंदिर के पंडित ललित मोहन पुरोहित ने बताया कि दर्शन की शुरुआत यज्ञ के साथ की जाएगी।
इसके साथ ही मंदिर परिसर में सैनिटाइजिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। मंदिर को हर घंटे सैनिटाइज किया जाएगा। मंदिर को सैनिटाइज करने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का भी लोगों को ध्यान रखने के लिए गाइडलाइन दी जाएगी। शहर के सभी मंदिरों में यह व्यवस्था की गई है। इसके लिए मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक भी की जा चुकी है।