{"_id":"6647ebb106c68235e60f848c","slug":"railway-station-is-being-modernized-atm-facility-still-bypassed-pkl-office-news-c-87-1-spkl1017-112064-2024-05-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Panchkula News: रेलवे स्टेशन का हो रहा आधुनिकीकरण, एटीएम सुविधा अभी भी दरकिनार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Panchkula News: रेलवे स्टेशन का हो रहा आधुनिकीकरण, एटीएम सुविधा अभी भी दरकिनार
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कालका रेलवे स्टेशन पर भी आधुनिकीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत 32.3 करोड़ रुपये तय की गई है। देखने वाली बात यह है कि यह स्टेशन आज तक एटीएम की सुविधा से वंचित है। ऐसे में यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर चल रहे आधुनिकीकरण के कार्य का क्या फायदा। जब यहां पर जरूरी सुविधाओं का ही अभाव है। रेलवे स्टेशन कालका पर एटीएम की सुविधा न होने के कारण यात्रियों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विश्व धरोहर में शामिल कालका शिमला रेलमार्ग पर टॉय ट्रेन के सफर का आनंद लेने के लिए देश से ही नहीं अपितु विदेश से भी सैलानी कालका रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं। ऐसे में जहां सैलानियों सहित लोगों को परेशान होना पड़ता है, वहीं रेलवे स्टेशन पर एटीएम न होने से यहां की छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
सैलानी और कर्मचारी होते हैं परेशान
कालका रेलवे स्टेशन पहुंचने पर जब किसी यात्री को रुपयों की जरूरत पड़ती है, तो उसे स्टेशन के बाहर जाकर एटीएम की तलाश करनी पड़ती है। ऐसे में यात्रियों को अनेक दिक्कतों का सामना तो करना पड़ता ही है, साथ ही ट्रेन छूटने का भय भी बना रहता है। रुपये निकलवाने के लिए यात्रियों को काफी लंबा सफर तय करना पड़ता है। एनआरएमयू व यूआरएमयू द्वारा भी कई बार स्टेशन पर एटीएम लगाने की मांग उठा चुकी है, परंतु आज तक स्टेशन पर एटीएम की सुविधा नहीं मिल पाई है।
विज्ञापन
स्टेशन की अलग है पहचान, एटीएम सुविधा जरूरी
रेलवे स्टेशन पर एटीएम की सुविधा होना बहुत आवश्यक है। पहाड़ों की रानी शिमला पहुंचने के लिए कालका से चलने वाली टॉय ट्रेन देसी ही नही विदेशी सैलानियों की भी पहली पसंद है। कालका रेलवे स्टेशन की एक अलग ही पहचान है। यहां पर एटीएम सुविधा मुहैया होने पर रेलवे कर्मचारियों को भी इसका फायदा मिलेगा। -विक्की कोहली, स्थानीय निवासी
विज्ञापन
उच्चाधिकारियों को करवाया अवगत
कालका रेलवे स्टेशन और उसके समीप एटीएम बूथ न होने से यात्रियों सहित रेलवे कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बाबत उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत करवाया गया है, लेकिन समस्या का समाधान नही हो पा रहा है, जल्द ही इस मामले को यूनियन के माध्यम से दोबारा उठाया जाएगा। - प्रदीप कुमार, शाखा सचिव एनआरएमयू वर्कशाप ब्रांच।
कई बार उठा चुका हूं मांग
रेलवे स्टेशन पर एटीएम के लिए कई बार मांग उठा चुकी हैं। स्टेशन पर भारी संख्या में यात्रियों का आवागमन लगा रहता है। एटीएम न होने से इन सभी को पैसे निकलवाने के लिए मजबूरन यहां-वहां जाना पड़ता है। - विकास तलवार, सचिव यूआरएमयू वर्कशाप ब्रांच
कालका रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को एटीएम सेवा मुहैया हो इसके लिए निरंतर प्रयास जारी हैं, जैसे ही कुछ बैंक इंटरेस्ट शो करेंगे तो एटीएम सुविधा शुरू करवा दी जाएगी। - मंदीप सिंह भाटिया, डीआरएम अंबाला मंडल