चंडीगढ़। लुधियाना से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि जो भी राजनीतिक दल चुनाव के दौरान राजनीतिक वादे करता है, उसे उनके लिए कानूनी रूप से जवाबदेह होना चाहिए, ताकि कोई भी राजनीतिक दल अपने किए हुए वादों को पूरा करने से पीछे हटता है तो उसे लेकर कानूनी कार्रवाई की जा सके। इससे लोगों में वादे पूरे न होने की निराशा कम होगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को राहत प्रदान करना है। यही कारण है कि कांग्रेस का घोषणापत्र किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का आश्वासन देता है। साथ ही कृषि उपकरणों को जीएसटी से मुक्त करने और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान फसल क्षति के लिए मुआवजा देने का भी वादा करता है। कांग्रेस सरकार के दौरान हमने किसान ऋण माफी के लिए आयोग के गठन के साथ ही 30 दिन के भीतर किसानों को सीधे मुआवजा देने का वादा किया है।
वड़िंग ने भाजपा पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि 2014 के बाद से भाजपा के शासन के दौरान हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। इन 10 वर्षों में, लोगों का जीवन कठिन हो गया है, क्योंकि महंगाई के चलते लोगों के लिए अपना घर चलाना मुश्किल हो गया है। पेट्रोल की कीमत 62 से 100 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गई है। उन्होंने बढ़ते कर्ज के बोझ पर कहा कि जो पहले 64,00,000 करोड़ रुपये था और आज बढ़कर 400,00,000 करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा एलपीजी और स्टील जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है।