पंजाब की 12 जेलों में पेट्रोल पंपों की होगी स्थापना, तेलंगाना की तर्ज पर बना जेल बोर्ड
तेलंगाना की तर्ज पर पंजाब की जेलों को भी आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। इसके लिए राज्य की 12 जेलों में पेट्रोल पंपों को स्थापित किया जाएगा। जेलों को आत्मनिर्भर बनाने में जेल बोर्ड अहम भूमिका निभाएगा।
यह घोषणा करते हुए पंजाब के जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बताया कि जेल बोर्ड का कामकाज इस साल से शुरू किया जाएगा। बोर्ड में तेलंगाना के पूर्व डीजीपी (जेल) वीके सिंह और आईआईएम रोहतक के डायरेक्टर को सलाहकार नियुक्त किया गया है।
पंजाब भवन में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जेल मंत्री ने बताया कि पंजाब की जेलों द्वारा तैयार किये गए उत्पादों का टर्नओवर 1.25 से 1.50 करोड़ रुपये सालाना है, जबकि पंजाब की अपेक्षा एक-चौथाई कम क्षमता वाली तेलंगाना की जेलों का यही टर्न ओवर 600 करोड़ रुपये सालाना है, जिसमें से 550 करोड़ रुपये अकेले पेट्रोल पंपों से कमाए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब की 12 जेलों में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप स्थापित किये जाएंगे। जेलों को मजबूत करने के लिए 960 पदों की भर्ती की जा रही है, जिनमें 10 डिप्टी सुपरिंटेंडेंट, 46 सहायक सुपरिंटेंडेंट, 815 वार्डन और 32 मेट्रन के अलावा क्लर्क और टेक्निकल स्टाफ भी शामिल है।
जेलों की क्षमता बढ़ाने के लिए गोइन्दवाल साहिब में केंद्रीय जेल बठिंडा में महिला जेल निर्माण जारी है। उन्होंने बताया कि पिछले 20 वर्षों से बिना वाहन काम कर रहे सुपरिंटेंडेंट जेल के लिए सरकारी वाहन मुहैया करवाए जाएंगे। जेल मंत्री ने बताया कि संशोधित पंजाब जेल मैनुअल तैयार करके लागू किया जाएगा। इस मौके पर प्रमुख सचिव जेल डीके तिवारी, एडीजीपी जेल पीके सिन्हा और आईजी जेल आरके अरोड़ा भी उपस्थित रहे।
सीसीटीवी प्रणाली होगी लागू
जेलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली लागू की जाएगी। बुनियादी ढांचे और संपर्क के लिए अलग-अलग जेलों में 105 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग स्टूडियो तैयार किये जा रहे हैं, जहां पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट की सहायता से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये ट्रायल के लिए नियम जारी किए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा स्पांसर बॉडी वॉर्न कैमरों के प्रोजेक्ट को पंजाब की जेलों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जायेगा।
कैदियों की होगी मानसिक थैरेपी
मनोवैज्ञानिक पहुंच के जरिये कैदियों की व्यावहारिक थैरेपी का लक्ष्य निर्धारित किया है। रंधावा ने बताया कि पिछले साल पंजाब जेल विकास बोर्ड नियम तैयार किये गए। जेलों की सुरक्षा को मजबूत करने और जेलों के अंदर पाबंदीशुदा सामान की सप्लाई पर मुकम्मल रोक लगाने के लिए चार केंद्रीय जेलों लुधियाना, कपूरथला, बठिंडा और अमृतसर में सीआरपीएफ तैनात की गई है।