Punjab News: बठिंडा में रिश्वत लेते पुडा का JE और गार्ड काबू, मालेरकोटला में सेवादार घूस लेते दबोचा गया
विजिलेंस ब्यूरो ने मालेरकोटला जिले के पटवारखाना तहसील दफ्तर अहमदगढ़ में तैनात सेवादार गगनदीप सिंह को 10000 रुपये रिश्वत लेते काबू किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधी एक्ट के तहत विजिलेंस ब्यूरो पटियाला रेंज में केस दर्ज कर किया गया है।
विस्तार
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पुडा की बठिंडा विकास अथॉरिटी में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) गुरविंदर सिंह और उसके एक निजी सुरक्षा गार्ड गुरमीत सिंह को 10000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह प्लॉट की एनओसी जारी करने के बदले पैसे मांग रहा था।
दोनों के खिलाफ बठिंडा के विजिलेंस ब्यूरो दफ्तर में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एडवोकेट गुरतेज सिंह गरेवाल निवासी मॉडल टाउन फेज-1 बठिंडा ने शिकायत दर्ज करवाई थी। विजिलेंस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया था कि वह हरचंद सिंह सूबेदार से मॉडल टाउन फेज-1 बठिंडा में स्थित मकान खरीदना चाहता था, जिसकी एनओसी उसके नाम पर जारी होनी थी। हरचंद सिंह ने इसके लिए 13 जुलाई 2023 को ऑनलाइन आवेदन कर दिया था।
9 अगस्त को आरोपी जेई के दफ्तर में एनओसी जारी करने संबंधी अनुरोध करने गया था और उक्त जेई ने उससे अपने निजी सुरक्षा गार्ड गुरमीत सिंह द्वारा 10,000 रुपये रिश्वत मांगी। जांच के बाद पता लगा कि आरोपी जेई का निजी सुरक्षा गार्ड पहले ही शिकायतकर्ता से 5000 रुपये ले चुका था। शेष 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए उसे मौके पर काबू कर लिया। विजिलेंस ने आरोपी के पास से पहली ली गई 5000 रुपये रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है।
मालेरकोटला में जमीन की फर्द के बदले 10 हजार रिश्वत लेते सेवादार काबू
उधर, विजिलेंस ब्यूरो ने मालेरकोटला जिले के पटवारखाना तहसील दफ्तर अहमदगढ़ में तैनात सेवादार गगनदीप सिंह को 10000 रुपये रिश्वत लेते काबू किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधी एक्ट के तहत विजिलेंस ब्यूरो पटियाला रेंज में केस दर्ज कर किया गया है। आरोपी के खिलाफ बलविन्दर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि गगनदीप सिंह ने गांव दसौंदा सिंह वाला में स्थित जमीन की फर्द मुहैया करवाने के बदले उससे 15,000 रुपये रिश्वत मांगी थी। आरोपी उससे पहले ही 8 अगस्त 2023 को 15000 रुपये रिश्वत ले चुका है। अब और रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की पड़ताल के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने ट्रैप लगाकर आरोपी को 10,000 रुपये रिश्वत लेते काबू कर लिया।