15 साल बाद मोदी पंचकूला में, चौथे पीएम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के नए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंच रहे हैं। मोदी पंचकूला आने वाले देश के चौथे प्रधानमंत्री होंगे। इससे पहले तीन प्रधानमंत्री जिले में आ चुके हैं।
सबसे पहले 1971 में इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री के तौर पर पंचकूला के घग्घर नदी पुल का उद्घाटन करने के लिए आई थीं। 1996 में एचडी देवगौड़ा प्रधानमंत्री के तौर पर जिला पंचकूला आए थे। वे प्रधानमंत्री बनने के कुछ दिन बाद कालका के बाला जी मंदिर में माथा टेकने के लिए पहुंचे थे।
इसके बाद यूपीए सरकार में प्रधानमंत्री रहते डॉ. मनमोहन सिंह दो बार पंचकूला आए थे। पहली बार वे अपने किसी मित्र के निधन पर शोक जताने के लिए सेक्टर-4 में आए। उसके बाद साल 13 अप्रैल 2012 को माटी के रंग समारोह में हिस्सा लेने सेक्टर-5 में पहुंचे थे। सेक्टर-5 में जोनल कल्चर प्रोग्राम की सिल्वर जुबली मनाई गई थी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी शिरकत की थी।
90 के दशक में पंचकूला रहते थे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 90 के दशक में पंचकूला में रह चुके हैं। उस समय वे पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के भाजपा प्रभारी होते थे। मोदी 1994 से लेकर 99 तक पंचकूला में ही रहे। अब करीब 15 साल बाद वे दोबारा पंचकूला आ रहे हैं।
मोदी से बड़ी घोषणा की उम्मीद
अब खट्टर के शपथ ग्रहण समारोह में नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों व केंद्र के मंत्रियों के भाग लेने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू समारोह में भाग लेने की पुष्टि कर चुके हैं।
10 एकड़ बड़ा है मैदान: हरियाणा के नए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का शपथ ग्रहण समारोह सेक्टर-5 में शालीमार मॉल केपास हुडा के मैदान में होना है। यह मैदान करीब 10 एकड़ में फैला है। इसके लिए प्रशासन का अमला तीन दिन से तैयारियों में जुटा है।
पंचकूला को मोदी से उम्मीद: पिछले प्रधानमंत्रियों के आने से जिले के लोगों को कुछ नहीं मिला था। जिले के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जिले के लिए बड़ी घोषणा की उम्मीद है। हाल ही में भाजपा में शामिल चंडीगढ़ नगर निगम के पार्षद एवं पंचकूला निवासी सतप्रकाश अग्रवाल का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिले में आना यहां के निवासियों के लिए गौरव की बात है। मोदी के यहां पर आने से जिले को जरूर कोई न कोई फायदा मिलेगा।