पंजाब में रबी फसल की खरीद के लिए मंडियों में अभी तक कोई व्यवस्था नहीं होने पर आप ने कैप्टन सरकार की कड़ी आलोचना की। शनिवार को पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में आप नेता और विधायक कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि पंजाब सरकार ने 10 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं की खरीद के लिए मंडियों में कोई व्यवस्था नहीं की है। गेहूं की खरीद में अभी बस कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं, लेकिन बारदाना अभी तक नहीं आया है।
केंद्र की मोदी सरकार और पंजाब की कैप्टन सरकार दोनों गेहूं खरीद के मुद्दे पर किसानों के साथ खेल खेल रही है। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन के कारण सरकार किसानों की बांह मरोड़ने का काम कर रही है। पंजाब के लोग अभी भी गेहूं की खरीद और भुगतान को लेकर भ्रमित हैं। सरकार ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि किसानों को उनके फसलों का भुगतान कैसे किया जाएगा। पंजाब सरकार की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि भुगतान आढ़तियों के माध्यम से किया जाएगा, लेकिन अभी तक इसकी पूरी जानकारी नहीं दी गई है। पंजाब सरकार जल्द स्पष्ट करे कि वह किसानों के फसलों का भुगतान कैसे करेगी। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारें किसानों से दूसरे तरीके से बदला लेने वाला काम कर रही है। बदले की इस भावना के कारण किसानों को हर तरह की परेशानियों में डाला जा रहा है। आम आदमी पार्टी फसल खरीद के मामले पर किसानों के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी और उनकी समस्याओं का समाधान कराएगी।