पंचकूला। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से 12वीं की परीक्षाएं बुधवार को शुरू हो गईं। शहर में 29 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं की हिंदी की परीक्षा हुई और यह दोपहर साढ़े 12 बजे से 3 बजे तक चली। इस दौरान स्कूल के अंदर प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों की चेकिंग पुलिस और केंद्र व्यवस्थापक की ओर से की गई। पेपर देने के बाद बाहर आए विद्यार्थियों के चेहरे खिले नजर आए। यह परीक्षा 2.30 घंटे की रही और इसमें विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा में प्रश्नपत्र बहुत अच्छा रहा और परीक्षा के दौरान अच्छे इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-6 में 12वीं की परीक्षा देने पहंचे विद्यार्थी साहिल, नवनीत, मिथुन और दिनेश ने बताया कि उनका हिंदी का पेपर बहुत अच्छा हुआ है। इसमें संधि, समास, अलंकार और वाक्य संशोधन के प्रश्न आए थे। इसमें बहुविकल्पीय 40 प्रश्न आए और सात प्रश्न लिखने के लिए आए थे। हिंदी का पूरा पेपर सिलेबस से आया था और यह दो घंटे में पूरा कर लिया गया था। इस पेपर के दौरान किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हुई और 12वीं के पेपर की तैयारी को लेकर स्कूल के अध्यापकों की ओर से एक्स्ट्रा क्लास लगाकर तैयारी करवाई गई है। पंचकूला जिला शिक्षा अधिकारी उर्मिला देवी ने बताया कि करीब 2500 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ पेपर दिया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक तरीके से परीक्षा हुई है।