चंडीगढ़। यूपीएससी की परीक्षा में हरियाणा के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दुकानदार से लेकर अफसरों तक के बच्चे आईएएस बने हैं। महेंद्रगढ़ के बसई गांव की ममता यादव ने देश भर में पांचवां और महेंद्रगढ़ के कांवी गांव की देवयानी ने 11वां रैंक हासिल किया है। देवयानी आईएएस अधिकारी विनय सिंह की बेटी हैं। विनय सिंह 2003 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इस समय पंचकूला में हरियाणा राज्य कृषि विपण बोर्ड के मुख्य प्रशासक पद पर तैनात हैं। उनकी बेटी देवयानी ने चौथे प्रयास में आईएएस बनने का सपना पूरा किया। बीते वर्ष उनका चयन सेंट्रल ऑडिट विभाग में हो चुका है। उन्होंने दिन-रात कड़ी मेहनत की।
भिवानी की निशा ग्रेवाल ने 51वां, हिसार के राहुल बूरा ने 76वां, मुलाना के बराड़ा की अक्षिता गुप्ता ने 69वां और रोहतक के भुराण गांव के डॉ. राजेश मोहन ने 102वां रैंक हासिल किया है। बाढड़ा के विवेक आर्य का 131वां रैंक आया है। उनके पिता की स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। गुरुग्राम के शिकोहपुर गांव के कुणाल यादव को 185वां रैंक मिला है। चरखी दादरी के गांव पैंतावास के शुभम सांगवान ने 320वां रैंक हासिल किया है। वहीं, हरियाणा की अंकिता पंवार का 321वां रैंक आया है। महेंद्रगढ़ जिले के प्रदीप यादव का 343वां, पानीपत के डिडवाड़ी गांव के शक्ति सिंह आर्य का 480वां रैंक है।