छात्र नेता ने होर्डिंग पर मारा मुक्का, हाथ फंसा, खींचते समय झटके से सड़क पर गिरा, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीयू में शनिवार देर रात हुए एक अजीबोगरीब हादसे में छात्र नेता की मौत हो गई। होर्डिंग पर लगे विरोधी गुट के पोस्टर पर मुक्का मारने के दौरान सोई के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ईशान शर्मा का हाथ लोहे के एंगल में फंस गया।
जैसे ही ईशान ने झटका मारकर हाथ निकाला तो संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़े और उनका सिर सड़क से जा टकराया। उनके दोस्त उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात करीब सवा एक बजे सूचना मिली कि यूआईईटी कैंपस के पास एक युवक शराब के नशे में बेसुध पड़ा है। पीसीआर समेत सेक्टर-11 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो वह छात्र नेता ईशान निकला। वहां मौजूद छात्रों के पुलिस ने बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि ईशान पीयू से बीडीएस इंटर्नशिप कर रहा था।
शनिवार देर रात वह अपने दो दोस्तों के साथ यूआईईटी हॉस्टल से निकलकर जा रहा था। ईशान ने ड्रिंक कर रखी थी। यूआईईटी कैंपस स्थित एबीवीपी के एक प्रोग्राम संबंधी होर्डिंग को देखकर ईशान भड़क गया और पोस्टर में मुक्का मारने लगा। इस दौरान उसका हाथ लोहे के एंगल में फंस गया।
जब उसने झटका मारकर हाथ निकालने की कोशिश की तो शरीर का बैलेंस बिगड़ने से वह सड़क पर आ गिरा और उसका सिर सड़क से जा टकराया। उसके दोस्तों समेत अन्य युवक उसे जीएमएसएच-16 ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि सड़क पर सिर टकराने के कारण ईशान को अंदरूनी चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मौत का असली कारण तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा।
पीयू में छात्रसंघ चुनाव से माहौल गरमाया
मूलरूप से बद्दी (हिमाचल प्रदेश) का रहने वाला ईशान सेक्टर-38 स्थित पीजी में रहकर पढ़ाई करता था। बताया गया कि हाल ही में ईशान ने एनएसयूआई छोड़कर सोई ज्वाइन किया था। छात्रसंघ चुनाव नजदीक आने पर पीयू का माहौल गरमाता दिख रहा है। जहां बीते शनिवार को पंजाब यूनिवर्सिटी में कार का शीशा तोड़ चारों टायर फाड़ दिए गए थे और अब पोस्टर फाड़ने के दौरान ईशान की मौत हो गई।