कैप्टन का एलान: पांच राज्यों में भाजपा का प्रचार करेंगे अमरिंदर सिंह, सिख बाहुल्य सीटों पर टिकीं निगाहें
कैप्टन ने जहां पांचों राज्यों में भाजपा के लिए प्रचार करने का एलान किया है, वहीं उन्होंने यह आस भी लगा ली है कि भाजपा के दिग्गज नेता पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी के लिए पंजाब आकर प्रचार करें। इसी कड़ी में कैप्टन ने कहा कि वह चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके लिए पंजाब आकर चुनाव प्रचार करें।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे और कांग्रेस की पोल खोलेंगे। उनका कहना है कि वह कांग्रेस को अच्छी तरह जानते हैं और उनके लिए कांग्रेस पर हमला करना आसान है।
एक निजी चैनल से बातचीत में कैप्टन ने खुलासा करते हुए साफ कर दिया कि 2022 के चुनावों में वह पंजाब में ही नहीं, बल्कि चार अन्य राज्यों के चुनाव में भी कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ने वाले।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के खिलाफ प्रचार करने में उन्हें कोई कठिनाई नहीं है और वैसे भी राजनीतिक सिस्टम वकीलों की तरह चलता है। प्रत्येक वकील जिस समय जिसके पक्ष में होता है, वहां अपने मुवक्किल का बचाव करने के लिए सामने वाले पर हमला करता ही है।
उन्होंने एलान किया कि वह यूपी और उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए वोट मांगेंगे और लोगों को कांग्रेस की असलियत बताएंगे। कैप्टन का कहना है कि इन दोनों राज्यों में वह सिख बहुल हलकों में भाजपा के लिए प्रचार करेंगे।
उल्लेखनीय है कि कैप्टन अपनी नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के गठन का एलान करने के साथ ही यह भी साफ कर चुके हैं कि वह 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन करेंगे। इसके अलावा उन्होंने अकाली दल से अलग हुए टकसाली नेताओं को भी अपने गठबंधन में शामिल करने का एलान किया है। हालांकि भाजपा के साथ जाने के कैप्टन के एलान के बाद सुखदेव सिंह ढींढसा जैसे टकसाली नेताओं ने कैप्टन से दूरी बना ली है।
मैं पीएलसी-भाजपा गठबंधन में मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं : कैप्टन
कैप्टन ने साफ किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी भाजपा के साथ मैदान में उतर रही है, लेकिन वह इस गठबंधन में खुद को मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर पेश नहीं कर रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस गठबंधन में भाजपा के अलावा जो भी दल आएंगे, वह अपने-अपने चिह्न पर ही चुनाव लड़ेंगे।
कैप्टन ने आगे कहा कि वह अकाली दल छोड़ने वाले टकसाली नेताओं से तो गठबंधन करेंगे लेकिन किसी भी कीमत पर अकाली दल के साथ नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनकी केंद्रीय मंत्री अमित शाह से बात हो चुकी है, भाजपा का अकाली दल से दोबारा गठबंधन होने की कोई चर्चा नहीं है।