पंचकूला। श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट ने सेक्टर-20 बूथ मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन, महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी और ब्लड बैंक पीजीआई चंडीगढ़ के सहयोग से डेंगू मरीजों की सहायता के लिए सेक्टर-20 में रक्तदान जागरूकता शिविर लगाया। शिविर में 67 युवाओं ने रक्तदान किया। इसमेें अमर उजाला फाउंडेशन का भी सहयोग रहा। रक्तदान शिविर का उद्घाटन बूथ मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान राज किशोर और इंदरजीत सिंह ने किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस नेक कार्य में बढ़ चढ़कर भाग लें।
उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति का इंसानी, नैतिक और सामाजिक दायित्व बनता है कि वह स्वयं को रक्तदान के लिए तैयार रखें। हर स्वस्थ व्यक्ति को इसलिए भी रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के डायरेक्टर रमेश नारंग और प्रधान राकेश कुमार संगर ने बताया कि आजकल सभी अस्पतालों में डेंगू की वजह से रक्त और रक्त कंपोनेंट्स की बहुत कमी है। इस मौके पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के लक्ष्मण सिंह रावत, मुकेश बंसल, गुलशन कुमार, हरित जिंदल, ऋषभ नारंग, गुरुप्रताप सिंह लाली एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, स्मृति चिन्ह एवं बैज देकर प्रोत्साहित किया।