पंचकूला में 15 और चंडीगढ़ में आठ नए पॉजिटिव मिले, मोहाली में चार सक्रमित, चार ठीक हुए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचकूला में कोराना संक्रमण रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। शुक्रवार को 15 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पंचकूला के नौ केस हैं, जबकि पांच मुंबई और एक मामला पंजाब का है। पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि छह लोग अन्य के संपर्क में आने के बाद संक्रमित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-6 में एक व्यक्ति एक सप्ताह पहले कोरोना संक्रमित मिला था। इसके बाद उसके परिवार के सदस्यों के सैंपल जांच को भेजे थे। शुक्रवार को जांच रिपोर्ट में इस व्यक्ति की माता (71) और पिता (74), पत्नी (44) और बेटा समेत चारों कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसी तरह सेक्टर-9 में संक्रमित एक व्यक्ति की पत्नी और बेटा भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जीरकपुर का एक व्यक्ति, सेक्टर-21 से एक महिला, सेक्टर-16 से लड़की भी संक्रमित मिली है।
इसके अलावा मुंबई से आई एक मां और दो बेटियां भी कोरोना से संक्रमित मिली हैं। यह तीनों सूद भवन सेक्टर-10 में क्वारंटाइन की गई थीं। उनकी आज रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शुक्रवार को कालका के गांव टिपरा में एक ही परिवार के दो बच्चे मुंबई से सफर करके आए हैं। उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
पिंजौर के ही मढ़ांवाला में एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शाम को रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तीनों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करने और सर्वे करने का कार्य शुरू कर दिया है। पिंजौर के मढ़ावाला में एक मरीज सामने आया है लेकिन वह मरीज कालका या पिंजौर अस्पताल द्वारा दिए जाने वाले सैंपलों की लिस्ट से बाहर है।
चंडीगढ़ में फिर मिले कोरोना के आठ मरीज
चंडीगढ़ में शुक्रवार को 8 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। इनमें सेक्टर-24 निवासी 61 वर्षीय बुजुर्ग के अलावा सेक्टर-38 में किराये पर रहने वाले 5 सदस्य शामिल हैं। पांचों सदस्य अंबाला में नौकरी करते हैं। इन पांच सदस्यों में 56 वर्षीय महिला, 30 वर्षीय युवक, 59 वर्षीय बुजुर्ग, 30 वर्षीय महिला व 32 वर्षीय युवक शामिल हैं। वहीं, इसी परिवार के संपर्क में आने वाला एक व्यक्ति भी पॉजिटिव मिला है।
मौलीजागरां निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। शुक्रवार शाम तक मात्र एक मरीज की पुष्टि होने से हेल्थ डिपार्टमेंट ने थोड़ी राहत की सांस ली थी लेकिन रात 8.30 बजे मरीजों की संख्या अचानक बढ़कर 8 हो गई। प्रशासन के अनुसार सेक्टर-24 निवासी बुजुर्ग गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल सेक्टर-16 का पूर्व कर्मचारी है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले बुजुर्ग में निमोनिया की शिकायत थी। कोरोना के लक्षण देखते हुए सैंपल लेकर जांच की गई। रिपोर्ट आने पर बुजुर्ग में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। बुजुर्ग को डायबिटिज और उच्च रक्तचाप की समस्या है। बुजुर्ग को जीएमएसएच-16 के आइसोलेशन वार्ड में एडमिट किया गया है।
बुजुर्ग के परिवार के अन्य सात लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेज दिए गए हैं। इसके अलावा सेक्टर 38 के 6 सदस्यों को पीजीआई में भर्ती किया गया है। मौलीजागरां के मरीज को सेक्टर 32 स्थित हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। उसके परिवार के पांच सदस्यों का भी सैंपल लिया गया है।
पीजीआई से एक मरीज डिस्चार्ज
पीजीआई से शुक्रवार को एक कोरोना पॉजिटिव मरीज के ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। खुड्डा जस्सू निवासी 34 वर्षीय पीड़ित में कोरोना की पुष्टि के बाद 10 जून को पीजीआई के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। प्रशासन के अनुसार शहर में अब तक 307 मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। वहीं, पीजीआई के आईसीयू में इस समय 9 कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा एक्सटेंशन वार्ड में पीजीआई के 9 मरीज भर्ती हैं।
मोहाली में चार ने जीती कोरोना से जंग तो चार हुए शिकार
मोहाली में 24 घंटे में जहां चार कोरोना के नए केस सामने आए हैं। वहीं, चार कोरोना के मरीज तंदरुस्त होकर अपने घर भी लौटे हैं। इसके साथ ही अब जिले में कोरोना पीड़ित मरीजों का आंकड़ा 208 पहुंच गया है। जिसमें ने 138 लोग तंदरुस्त होकर घर पहुंच चुके हैं। जबकि तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं, अब एक्टिव केसों की संख्या 67 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि घर से निकलते समय मुंह को मास्क या अन्य कपड़े से कवर करें, सोशल डिस्टेंस का पालना करें, नियमित अंतराल के बाद हाथ धोते रहें। मिली जानकारी के मुताबिक जीकरपुर में दिल्ली से लौटा 23 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है।
वहीं, पीरमुछल्ला निवासी 56 वर्षीय एक व्यक्ति पॉजिटिव आया है, जो कि पहले से ही बीमार था। इसी तरह बलटाना में पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आकर 48 वर्षीय महिला और 50 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव आया है। जबकि तंदरुस्त होकर घर लौटने वालों में एक 25 वर्षीय युवती, डेराबस्सी का 25 वर्षीय युवक, डेराबस्सी का 57 वर्षीय युवक और पॉम एनक्लेव खरड़ का 29 वर्षीय व्यक्ति शामिल है।