पलवल। जिला उपायुक्त यशपाल ने मंगलवार को लघु सचिवालय से कृषि विभाग की ओर से चलाई जा रही जल शक्ति अभियान जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि इस जागरूकता वैन के माध्यम से जिले के सभी गांवों में जल शक्ति अभियान के तहत लोगों को पानी बचाने के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि जल संरक्षण के लिए गांवों में सोख्ता गड्ढे, वाटर हारर्वेस्टिंग, नालियों के पानी को जोहड़ में डालने व ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने के बारे में जनता को जागरूक किया जाएगा। अगर हमने जल संरक्षण पर ध्यान नहीं दिया तो आगामी कुछ वर्षों में हमारे लिए पीने के पानी की भी समस्या पैदा हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग द्वारा चलाई गई यह वैन पलवल जिले के सभी गांवों में जाएगी व किसानों को मेरी फसल मेरा ब्यौरा में पंजीकरण के बारे में भी जागरूक करेगी व साथ-साथ मतदाता जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को बताएंगे कि जिनकी उम्र 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष पूरी हो चुकी है वह आगामी 30 जुलाई तक अपना मतदाता पत्र बनवा सकते हैं। कृषि विभाग के उपमंडल अधिकारी कुलदीप तेवतिया ने बताया कि इस जागरूकता वैन में माइक पर लोगों जल संरक्षण के तरीकों व कम पानी में होने वाली फसलों के बारे में जागरूक किया जाएगा। वैन के चारों ओर बैनर लगाए गए हैं, जिन पर जल संरक्षण का संदेश व जानकारी प्रकाशित है। इस पर मेरी फसल, मेरा ब्योरा के संबंध में भी जानकारी के लिए बैनर लगाए गए हैं। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता बैनर भी लगाया गया है।