पलवल। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन की जिला इकाई ने सोमवार को अपनी मांगों के संबंध में लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी शमशेर सिंह नेहरा को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन जिला प्रधान वेदराम कैराका के नेतृत्व में किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को चार अप्रैल से वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों को 30 सितंबर तक का वेतन और वर्दी भत्ता दिया जाए। अप्रैल से बढ़ा हुआ वेतन एरियल के रूप में दिया जाए। कर्मचारियों को सफाई का सामान झाडू, तसला, कस्सी, साइकिल, रिक्शा और ई-रिक्शा भी मुहैया कराया जाए। गांव की आबादी ज्यादा होने के कारण कूड़ा उठाने में परेशानी होती है। रिक्शा की मदद से कूड़े को गांव से बाहर डाला जा सकता है। कर्मचारियों को फंड व ईएसआई का लाभ दिया जाए। ग्रामीण स्वच्छता अभियान के तहत गांवों में सफाई के लिए लाखोें रुपये की ग्रांट आती है, इसके बावजूद सफाई कर्मचारियों को वेतन तक नहीं दिया जाता। पहले भी कई बार मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। यदि मांगों को समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी हड़ताल करने पर मजबूर होंगे। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मबीर भंगूरी, हथीन प्रधान राजेंद्र, सुभाष पूठली, महेश कुमार, रमेश, मेघराम, हंसराज, चंद्रवीर और नरेश मौजूद रहे।