रोडवेज कर्मचारियों ने पलवल डिपो में प्रदर्शन किया, नारेबाजी भी की
पलवल। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को पलवल डिपो परिसर में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता गंगाराम सौरोत, अनिल तेवतिया और शीशपाल रावत ने की। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।
गंगाराम सौरोत ने बताया कि स्टेज कैरिज स्कीम एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों के संबंध में छह जनवरी और चार जून को परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। बैठक में लिए गए निर्णयों को अभी तक लागू नहीं किया गया। इसका तालमेल कमेटी द्वारा विरोध किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी पांच से 25 अगस्त तक डिपो स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे और कर्मचारियों की समस्याओं के लिए पांच सितंबर को परिवहन मंत्री के आवास पर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आला अधिकारी और मंत्री की सहमति होने के बावजूद उन निर्णयों को लागू नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगें किलोमीटर और स्टेज कैरिज स्कीम रद्द करना, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करना आदि हैं। प्रदर्शन में जिले सिंह चौहान, संजय, सुनील, लालचंद तेवतिया आदि ने भी अपने विचार रखे।