पलवल। शादी के बाद दहेज की मांग पूरी न होने के छह माह बाद ससुराल वालों द्वारा महिला की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। कैंप थाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति सहित आठ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। हत्या कैसे की गई है इसकी जांच की जा रही है।
कैंप थाना प्रभारी कैलाश कुमार ने बताया कि सुर्जन का नंगला निवासी बिजेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसने 17 जून 2021 को अपनी बेटी उर्मिला व निर्मला की शादी धौलागढ़ गांव निवासी डालचंद व विशाल के साथ की थी। पीड़ित का कहना है कि शादी के बाद दोनों के पति व ससुर सोनीराम, सास ब्रिमा, ननद पिंकी, रेनू, पूजा व राधा दहेज में दो लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। पीड़ित का कहना है कि उसने 50 हजार रुपये दे भी दिए, लेकिन दहेज के लोभी अपनी आदतों से बाज नहीं आए और दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटियों के साथ मारपीट करने लगे। जिसे लेकर कई बार पंच-पंचायत भी हुई, लेकिन दहेज के लोभी अपनी आदतों से बाज नहीं आए। शिकायत में कहा कि 23 नवंबर को उसके पास उसकी बेटी उर्मिला का फोन आया कि ससुराल पक्ष के उक्त लोगों ने निर्मला की हत्या कर दी है। पीड़ित अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो निर्मला मृत मिली। पुलिस ने पिता की शिकायत पर उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।