फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Palwal News ›   Holika was burnt, today colors and gulal will fly with the sweetness of Gujiya

Palwal News: होलिका का हुआ दहन, आज गुझिया की मिठास के साथ खूब उड़ेगा रंग-गुलाल

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 13 Mar 2025 11:50 PM IST
विज्ञापन
Holika was burnt, today colors and gulal will fly with the sweetness of Gujiya
फागुन के रंग में रंगा बाजार, होलिका पूजन कर महिलाओं ने की परिवार की मंगल कामना, ब्रज के लोकगीतों की रही धूम
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल/होडल। जिले में आज होली की धूम मचेगी। बृज क्षेत्र की परंपरा अनुसार रंग-गुलाल उड़ेगा, फूलों की बौछार होगी और होली के मधुर गीत गूंजेंगे। लोग पुरानी बातों को भूलकर गले मिलेंगे, आपसी प्रेम बढ़ाएंगे। गुझिया, पापड़ और पकवानों की खुशबू से माहौल सराबोर रहेगा। मथुरा से लगते इलाकों में अनोखे ढंग से खेली जाने वाले होली कई दिनों तक चलेगी। इलाके में बृहस्पतिवार से रंग खेलना शुरू हो चुका है जो शुक्रवार के बाद भी कई दिनों तक जारी रहेगा।
ब्रज क्षेत्र के गांवों के अलावा उपमंडल के विभिन्न गांवों में बृहस्पतिवार को ब्रज में होली रे रसिया, होली रे रसिया पर जोरि रे रसिया ऐसे लोकगीतों के साथ दर्जनों महिलाओं के समूह होलिका माता के पूजन स्थल पर पूजा करने के लिए पहुंचीं। बृहस्पतिवार की सुबह से ही होली के त्योहार को लेकर महिलाओं में नई उमंग व ऊर्जा देखने को मिली। महिलाओं अपने घर से नए परिधान व आभूषणों से सज संवर कर होलिका दहन स्थल पर पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचीं। इस दौरान महिलाओं ने होलिका माता से अपने परिवार व समाज की सुख-समृद्धि के लिए मंगल कामना की। क्षेत्र के गांव सौन्दहद व बंचारी सहित विभिन्न गांवों में पूजा स्थलों पर भारी संख्या में महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। होलिका माता के पूजन से पहले महिलाओं ने घरों में पूजा अर्चना कर व्रत का अनुष्ठान भी किया। इस दौरान महिलाओं ने गाय के गोबर से बनी बुरकलियों को होलिका माता को समर्पित किया।
विज्ञापन

--------------------------------
विज्ञापन
विज्ञापन

महिलाओं ने बृज लोकगीतों के साथ उत्सव मनाया


क्षेत्र में होलिका पूजन स्थलों पर पूजा करने पहुंचीं महिलाओं ने ब्रज के लोकगीतों पर नृत्य किया। इसमें होली खेल रहे नंदलाल, वृंदावन की कुंज गली में, आयो नंदगांव से होली खेलन नटवर नंद किशोर, नटवर नंद किशोर, आयो छलिया मखन चोर सहित होली आई रे पिया जी रे देश रे, म्हारो श्याम हठीलो कान्हा केसर खेलत होली रे लोकगीतों पर महिलाओं ने नृत्य कर पूरे दिन होलिका पूजन व दहन स्थलों के आसपास इस तरह के लोकगीत गूंजते रहे। दिन में होलिका पूजन के बाद देर रात होलिका दहन हुआ। किसानों ने खेतों से जौ की फसल की बालियां लाकर उन्हें होलिका दहन स्थल पर अग्नि में पकाया व उसके बाद घर ले जाकर उसका प्रसाद के रूप में सेवन किया। क्षेत्र में महिलाओं ने शहर में करीब दो दर्जन स्थानों व विभिन्न गांवों में होली पूजने के स्थानों पर जाकर पूजा अर्चना की।
-----------------------------------------------------------
ब्रज क्षेत्र पूर्णिमा पर व्रत व अनुष्ठान के साथ शुरू हुई रंगों की होली
होडल। होली के पर्व पर शहर में जहां एक तरफ महिलाओं ने पूजा की। वहीं, युवाओं व बच्चों ने जमकर होली के पर्व पर उत्सव मनाया। शहर के विभिन्न बाजारों में रंग, पिचकारी लेने वालों की भीड़ नजर आई। वहीं जगह-जगह होली मंगल मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। देर रात तक गांवों व शहरों में होली मंगल मिलन कार्यक्रम आयोजित हुए। इनमें महिलाओं व पुरुषों ने जमकर होली के ब्रज लोकगीतों पर नृत्य किया। सामाजिक संस्थाओं ने भी होली मंगल मिलन कार्यक्रम आयोजित किए। वहीं, पूर्व मंत्री जगदीश नायर ने शहर व बाजार के लोगों ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दी। प्रदेश में धुलेंडी का त्योहार यानी शुक्रवार की सुबह से शुरू होगा लेकिन ब्रज क्षेत्र पूर्णिमा पर व्रत व अनुष्ठान के साथ ही बृहस्पतिवार को होलिका माता की पूजा करने के बाद जमकर होली खेली गई। संवाद
--------------------------------------------------
बसों की छत पर बैठ परिवार संग होली मनाने निकले लोग
शहर में बढ़े यातायात के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। होली के त्योहार पर घर जाने की खुशी में बृहस्पतिवार सुबह से ही पलवल बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ देखने को मिली। खासतौर पर यूपी जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं, शहर में बढ़े यातायात के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
होली के मद्देनजर प्रशासन ने पलवल बस अड्डे से चलने वाली बसों की संख्या बढ़ा दी है। सामान्य दिनों में यहां से 70 से 72 बसें चलती हैं, लेकिन त्योहार को देखते हुए इस संख्या को बढ़ाकर 95 बसों तक कर दिया गया है। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या इतनी अधिक थी कि कई लोगों को बसों में जगह नहीं मिली और उन्हें अगली बस का इंतजार करना पड़ा। वहीं, कुछ लोग निजी बसों में यात्रा करते हुए दिखे। निजी बस चालकों व परिचालकों ने नियमों को ताक पर रखकर छतों पर भी यात्रियों को बैठाया हुआ था। पलवल से मथुरा व आगरा जाने वाले मार्ग पर कई निजी बसों में यात्री छातों पर बैठकर यात्रा करते हुए दिखे। वहीं, सोहना व गुरुग्राम की तरफ जाने वाली निजी बसों का भी यही हाल दिखा।
रेलवे स्टेशन पर भी उमड़ी भीड़
पलवल रेलवे स्टेशन पर भी सुबह से ही यात्रियों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। यूपी और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कई यात्री प्लेटफॉर्म पर ही घंटों इंतजार करते नजर आए। गोरखपुर जाने वाले अजय यादव ने कहा कि हर साल होली पर घर जाने की खुशी होती है, लेकिन ट्रेन में भीड़ इतनी ज्यादा होती है कि चढ़ना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार लोग जनरल डिब्बे में जबरदस्ती चढ़ते हैं, जिससे धक्का-मुक्की भी होती है।

होली को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ा दी गई है। यूपी के कई इलाकों में जाने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए वहां की बसें बढ़ाई गई हैं। - परमानंद, बस स्टैंड इंचार्ज पलवल
---------------------------------------------------------
प्रशासनिक अधिकारियों ने होली मनाकर दिया सौहार्दपूर्ण तरीके से उत्सव मनाने का संदेश

पलवल। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी, एसडीएम ज्योति, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, नगराधीश अप्रतिम, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी सहित जिला के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने रंगोत्सव की पूर्व बेला पर गुरुवार को एक-दूसरे को प्राकृतिक गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर जिलावासियों को सौहार्दपूर्ण व इको फ्रेंडली तरीके से रंगों का त्योहार मनाने का संदेश दिया। उपायुक्त ने होली पर्व पर जिलावासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है। सौहार्द के इस त्योहार को सभी इको फ्रेंडली तरीके से मनाएं। संवाद
------------------------------------
परंपरागत ढंग से होली मनाई

हथीन। दादा कान्हा पार्क बहीन में परंपरागत ढंग से होली मनाई गई। होली के गीतों पर पुरुष एवं महिलाएं भी जमकर थिरकीं। इस अवसर पर सहदेव सेक्रेटरी ने सबका मुंह मीठा कराया। उन्होंने होली के अवसर पर द्वेष भाव मिटाकर भाई चारे बनाए रखने की अपील की। संवाद
----------------------------------------------------
होली व धुलेंडी पर्व के मद्देनजर विभिन्न अधिकारी को लगाया ड्यूटी मजिस्ट्रेट

पलवल। जिलाधीश डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने आदेश पारित कर 13 से 15 मार्च तक होली व धुलेंडी पर्व के दौरान क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न अधिकारियों को पुलिस स्टेशन क्षेत्र अनुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। इन ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ संबंधित पुलिस थाना प्रभारी की भी ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधीश जारी आदेश में पुलिस स्टेशन सदर पलवल क्षेत्र के लिए पंचायती राज विभाग पलवल के उपमंडल अभियंता अरशद अली, पुलिस स्टेशन गदपुरी क्षेत्र के लिए जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग पलवल के उपमंडल अभियंता त्रिलोकचंद मंगला, जल संसाधन विभाग पलवल के उपमंडल अधिकारी राजेश कुमार, पुलिस स्टेशन मुंडकटी क्षेत्र के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम होडल के उपमंडल अधिकारी राजेश, पुलिस स्टेशन हथीन क्षेत्र के लिए खंड शिक्षा अधिकारी हथीन सगीर अहमद आदि को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 के तहत कार्यकारी मजिस्ट्रेट की शक्तियों का प्रयोग करेंगे। एसडीएम पलवल, होडल व हथीन अपने-अपने संबंधित अधिकार क्षेत्र के संपूर्ण इंचार्ज रहेंगे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed