पलवल। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के तत्वावधान में मंगलवार को लघु सचिवालय में नगराधीश द्विजा को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें जम्मू-कश्मीर में कार्यरत कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान करने, राहुल भट्ट के परिवार को नौकरी व आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की गई। ज्ञापन जिला उप प्रधान गीतेश कुमार की अध्यक्षता में सौंपा गया, संचालन जिला ऑडिटर वेदपाल ने किया।
गीतेश कुमार ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा सरकारी कर्मचारियों की हत्याएं की जा रही हैं। इससे संगठन में भारी रोष है। 12 मई को तहसील कार्यालय में घुसकर राहुल भट्ट की हत्या कर दी गई। इससे पहले एक विद्यालय में घुसकर प्रधानाचार्य तथा अन्य अध्यापकों, कर्मचारियों की हत्या की गई। ऐसी घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं, जिसका हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ कड़े शब्दों में निंदा करता है। होडल खंड के प्रधान बीरसिंह सौरोत, पलवल खंड के प्रधान महेश चंद शर्मा और सचिव मोहन लाल शर्मा ने कहा कि ज्ञापन के द्वारा प्रधानमंत्री से मांग की गई है कि जम्मू-कश्मीर में कार्यरत कर्मचारियों तथा उनके परिवारों को सुरक्षा प्रदान की जाए। राहुल भट्ट के परिवार को नौकरी प्रदान करते हुए परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सरला देवी, मास्टर वर्ग एसोसिएशन के प्रधान नवल किशोर, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, शिवदयाल, विनोद कुमार, भागवत प्रसाद मौजूद रहे।