पुलिस टीम पर जानलेवा हमला: लात-घूंसों और डंडों से पीटा, अफसर की वर्दी भी फाड़ी; ASI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल
हत्या के फरार आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ। जहां हमलावर युवकों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से टीम पर हमला कर दिया। हमले में एएसआई रणजीत सिंह समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
शहर थाना क्षेत्र में हत्या के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक एएसआई सहित तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर न केवल आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर ले गए, बल्कि सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
फरार आरोपी को पकड़ने गई थी पुलिस टीम
जानकारी के अनुसार चौकी बस अड्डा पर तैनात एएसआई रणजीत सिंह को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि दीघोट निवासी महेश, जो वर्ष 2025 में थाना मुंडकटी में दर्ज हत्या के मामले में फरार चल रहा है, मुस्कान गार्डन के पास देखा गया है। सूचना के आधार पर एएसआई रणजीत सिंह, सिपाही राहुल और एसपीओ पदम सिंह ने अलावलपुर चौक के पास घेराबंदी कर आरोपी की कार को रुकवाया।
लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला
पुलिस टीम ने जैसे ही महेश को काबू किया, कार में मौजूद एक महिला ने शोर मचाते हुए फोन पर सात-आठ लोगों को मौके पर बुला लिया। थोड़ी ही देर में पहुंचे युवकों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हरकेश नामक व्यक्ति ने डंडे से वार कर एसपीओ पदम सिंह का हाथ जख्मी कर दिया। हाथापाई के दौरान हमलावरों ने एएसआई रणजीत सिंह की सरकारी वर्दी फाड़ दी और उनकी निजी कार (ब्रेजा) को भी नुकसान पहुंचाया।
पुलिस हिरासत से छुड़ाकर हुआ फरार
हमले और अफरातफरी का फायदा उठाकर आरोपी महेश को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गया। घटना में एएसआई रणजीत सिंह को सिर और शरीर पर कुल पांच गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद पलवल के सरकारी अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।