पलवल। गांव दुर्गापुर के समीप सदर थाना पुलिस ने मिलावट के शक में पनीर से भरी गाड़ी को पकड़ लिया। गाड़ी में करीब 15 क्विंटल पनीर भरा हुआ था। पनीर को हथीन के गांव गुराकसर से पलवल के रास्ते दिल्ली से जाया जा रहा था। चालक से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह पेश नहीं कर पाया। पुलिस ने जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलाया। टीम ने पनीर के नमूने जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि रविवार रात गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि मेवात की ओर से पिकअप गाड़ी में पनीर भरकर दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा है, जो मिलावटी हो सकता है। पुलिस ने गांव दुर्गापुर के समीप नाकाबंदी कर गाड़ी को काबू किया और चालक से पनीर सप्लाई संबंधी दस्तावेज मांगे, परंतु वह पेश नहीं कर पाया। गाड़ी को थाने लाया गया और स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थाने पहुंच कर पनीर के नमूने लिए। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभारी डॉ. सचिन शर्मा ने बताया कि गाड़ी में कुल 1500 किलोग्राम पनीर भरा हुआ था। इसमें से 15 किलोग्राम पनीर के नमूने लिए गए हैं। पनीर को जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित प्रयोगशाला भेजा गया। रिपोर्ट में यदि पनीर मिलावटी पाया जाता है तो इसे बनाने वाली कंपनी पर भारी जुर्माना के साथ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल नमूने लेकर चालक और गाड़ी को छोड़ दिया गया है।