सार्वजनिक स्थानों से हटाएं पोस्टर और होर्डिंग: एडीसी
पलवल। अतिरिक्त उपायुक्त सुरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी, इसलिए सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि चुनाव की घोषणा के 24 घंटे के अंदर सभी प्रकार की प्रचार और प्रसार सामग्री व राजनेताओं के फोटो कार्यालयों व सार्वजनिक स्थानों से हटा दिए जाएं। सभी विभाग अभी से ऐसे स्थानों को चिन्हित कर लें जहां पर पोस्टर, बैनर्स, होर्डिंग सहित अन्य प्रचार सामग्री चस्पा हो रखी है। अतिरिक्त उपायुक्त ने ये आदेश लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी सभी प्रकार की जानकारी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है, इसलिए सभी अधिकारी इन हिदायतों को अच्छी प्रकार से पढ़ लें। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता ने कोई भी विभाग नया कार्य शुरू ना करे। पहले से शुरू कार्य नियमित रूप से चलते रहेंगे। इस दौरान पलवल के एसडीएम जितेंद्र कुमार, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राम अवतार, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी डीपी कुलश्रेष्ठ, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला उप शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल, जिला कल्याण अधिकारी जयपान हुड्डा, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हरदीप सिंह, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी पूजा शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।