नारनौल। दक्षिण पश्चिमी मानसून एक सप्ताह के अंतराल बाद अनुकूल परिस्थितियों के कारण 22 जून से आगे बढ़ना शुरू हो गया है। वहीं बुधवार सुबह नारनौल में बारिश हुई। बारिश के कारण निचले क्षेत्र में पानी भर गया। वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। नारनौल का अधिकतम तापमान 31.4 व न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री दर्ज किया गया।
सुबह करीब 11 बजे अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई, जो करीब 20 मिनट तक जारी रही। बारिश के चलते मोहल्ला जमालपुर, पुलिस लाइन, रावका मोहल्ला, मंडी रोड, नगर परिषद के सामने, सैन चौक व पुरानी कचहरी समेत कई जगहों पर जलभराव हो गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 27 जून से 29 जून के बीच मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील व आंशिक बादल रहेंगे। हालांकि 25 व 26 जून को उत्तर व दक्षिण भागों में मानसूनी हवाओं से गरज-चमक व हवाओं के साथ व्यापक बारिश होने, परंतु पश्चिमी हरियाणा में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। उप कृषि निदेशक जसविंद्र ने बताया कि जिन क्षेत्रों में आगामी दो दिनों में अच्छी बारिश होने पर या उचित नमी होने पर खेत तैयार कर उत्तम किस्मों के बीजों से बाजरा व ग्वार आदि की बिजाई मौसम साफ होने पर करें। नरमा कपास में बारिश का पानी ज्यादा देर तक खड़ा न रहने दें व मानसून सीजन को देखते हुए कपास के खेतों में जलनिकासी का प्रबंध अवश्य करें।