महेंद्रगढ़। गांव बेरी में शराब के ठेके को आग लगाने व मारपीट करने के मामले में सीआईए नारनौल की टीम ने तीन आरोपियों को काबू कर रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंजीत उर्फ धोलू निवासी नीची भांडोर, संजय उर्फ साजिया निवासी नीची भांडोर और महेंद्र उर्फ पप्पू निवासी खैरोली के रूप में हुई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि उधार में बीयर न देने पर हुई कहासुनी को लेकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने शराब के ठेके में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि ऊंची भांडोर निवासी विकास ने 16 जुलाई को सदर थाना पुलिस दो नामजद व चार अन्य के खिलाफ ठेके में पैट्रोल डालकर आग लगाने, तोड़फोड़ करने व उनके साथ मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया था। गांव बेरी के शराब ठेके पर तैनात विकास ने बताया था कि आरोपियों ने ठेके के अंदर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी थी जिससे ठेके पर तैनात कारिंदा तूफान भी झुलस गया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने मामले को संज्ञान में लेते हुए थाना सदर महेंद्रगढ़ और सीआईए को आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। सीआईए नारनौल की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कर पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपियों से सख्ती पूछताछ की गई, पूछताछ में पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी बरामद कर ली है। बुधवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।