नारनौल। राजकीय महाविद्यालय नारनौल में हरियाणा राज्य विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी परिषद के तत्वावधान में जिलास्तरीय विज्ञान निबंध प्रतियोगिता कराई गई। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सतीश सैनी ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के 10 महाविद्यालयों के 62 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में विज्ञान संकाय के विभिन्न विषयों जैसे साइबर क्राइम, सस्टेनेबल कृषि, दुग्ध उत्पाद को बढ़ाने में विघ्न का योगदान, प्राचीन भारत में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आदि विषयों पर निबंध लेखन करवाया गया। इसमे विद्यार्थियों ने अपने विचारों को निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य साक्षरता, रचनात्मकता और विचारों और विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने की क्षमता को बढ़ावा देना है। संयोजक डॉ. सतीश सैनी ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता में 62 प्रतिभागियों में से सर्वश्रेष्ठ 10 को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया। राजकीय महाविद्यालय उन्हाणी से रिया, आरपीएस बलाना से अंजली व पायल, राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल से कंचन, राजकीय महाविद्यालय नारनौल से अंजली व निहारिका, यदुवंशी काॅलेज से सपना, सूरज काॅलेज महेंद्रगढ़ से उमंग व पायल और राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ से हिमांशु का चयन किया गया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में डॉ. विजयदीप गौर, डॉ. सत्यपाल सुलोदिया, डॉ. पलक, डॉ. प्रियंका, डॉ. ज्योति, डाॅ. पारुल यादव, डॉ. सुमन, डॉ. अंजू, डॉ. धीरज, डॉ. धवनीत व कपिल एवं समस्त स्टाफ सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।