नारनौल। खातौली गांव के ग्रामीणों ने भाईचारे का परिचय देते हुए सर्वसम्मति से मनोज पत्नी विक्रम को सरपंच और सात पंचों को निर्विरोध चुन लिया। पंचों में पांच पहले ही निर्विरोध चुने गए थे। बाकी तीन को ग्रामीणों ने सहमति बनाकर चुन लिया। अब सरकार की ओर ने गांव के विकास के लिए 11 लाख रुपये की राशि बतौर ईनाम स्वरूप दी जाएगी। इस मौके पर बीडीपीओ प्रदीप कुमार गांव पहुंचे और ग्रामीणों के भाईचारे की प्रशंसा की।
गांव खातौली की सीट इस बार महिला आरक्षित थी। गांव में शुरू से ही सर्वसम्मति से पंचायत चुनने का प्रयास चल रहा था। सरपंच के लिए सिर्फ मनोज पत्नी विक्रम ने नामांकन किया था। विपक्ष में किसी ने नामांकन नहीं किया। वार्ड न. 1 से 4 तक सभी पंचों पर सहमति बन गई थी लेकिन वार्ड पांच, छह और सात के पंच को लेकर पेंच फंसा था। इन वार्डों में दो-दो तीन- तीन नामांकन जमा करवा दिए गए थे। इसके बाद ग्रामीणों ने पूरी पंचायत सर्वसम्मति से बनाने का प्रयास तेज कर दिया। शुक्रवार को नामांकन वापसी के दौरान बैठक बुलाई जिसमें पर्ची डालकर बिना मतदान के पंच चुनने पर आम सहमति बनी जिसे पंच उम्मीदवारों ने स्वीकार किया। अब वार्ड नंबर एक से वीरेंद्र, वार्ड दो से सुमन, वार्ड तीन से नरेंद्र जांगिड़, वार्ड चार से मधुबाला, वार्ड पांच से रणवीर, वार्ड छह से सुनील और वार्ड नंबर सात से पिंकी निर्विरोध पंच बन गई हैं। महेंद्र नंबरदार की पत्नी मधुबाला एमएबीएड की हैं।