{"_id":"633ee11e42fd1f3b0c344aa5","slug":"demonstration-of-farmers-against-the-new-schedule-of-purchase-in-kanina-mandi","type":"story","status":"publish","title_hn":"महेंद्रगढ़: कनीना मंडी में नये शेड्यूल के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महेंद्रगढ़: कनीना मंडी में नये शेड्यूल के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक
Thu, 06 Oct 2022 07:37 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, कनीना, महेंद्रगढ़ (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, कनीना, महेंद्रगढ़ (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Thu, 06 Oct 2022 07:37 PM IST
सार
जिनके मोबाइल पर मेसेज किया जाएगा, उन्हीं का बाजरा खरीदने की नई व्यवस्था बनाई है। कनीना मंडी में 200 किसानों से चार हजार क्विंटल बाजरा खरीदा गया है।
विज्ञापन
लोगों को समझाती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
प्रशासन ने बाजरा खरीद का नया शेड्यूल बनाया है। इसके तहत जिन किसानों के मोबाइल पर मेसेज जाएगा, उन्हीं का बाजरा खरीदा जाएगा। इससे अनभिज्ञ किसान बुधवार की रात दस बजे बाजरा लेकर मंडी पहुंच गए थे। उन्हें जब नये शेड्यूल के बारे में बताया गया तो वे भड़क कर और मंडी के गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने किसानों को खदेड़ने का प्रयास किया जिससे किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हुई।
विज्ञापन
किसानों ने कहा कि प्रशासन ने किसानों को बताए बगैर नया शेड्यूल जारी कर दिया। इससे पहले जो किसान बाजरा लेकर आ रहा था उससे खरीद की जा रही थी। किसान बुधवार रात 10 बजे गाड़ी लेकर कनीना अनाज मंडी के सामने आ गए थे। किसान राजेंद्र, दिलीप, सुमेर ने बताया कि वे चेलावास, रामबास, ककराला, कोटिया, करीरा आदि गांवों से आए हैं।
विज्ञापन
रात को करीब 10 बजे ही वे अपने वाहन को लाइन में लगा कर खड़े हो गए थे। सुबह जब खरीद एजेंसियों के अधिकारी आए तो उन्होंने कहा कि जिन किसानों के मोबाइल पर मेसेज भेजा गया है सिर्फ उन्हीं का बाजरा खरीदा जाएगा। इसको लेकर नाराज किसानों ने मंडी गेट के सामने प्रदर्शन किया। यह देख शहर थाने की पुलिस ने किसानों को खदेड़ना शुरू किया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच में मामूली कहासुनी हुई।
विज्ञापन
मार्केट कमेटी के सचिव मनोज पाराशर ने बताया कि मंडी में आवक को देखते हुए गेट पास जारी किए जाने का कार्य देर शाम तक चलता है जिससे किसानों को काफी समस्या होती है। इसको देखते हुए निर्णय लिया गया है गेट पास शाम 4:30 बजे तक ही काटे जाएंगे ताकि किसानों को सुविधा हो और किसान आराम से घर जा सकें। खरीद ई-पोर्टल माध्यम से हो रही है और इसका रिकॉर्ड उसी दिन पोर्टल पर दर्ज करना होता है।
इसी माध्यम से पेमेंट की जानी है। देर शाम तक गेट पास जारी होने से इस कार्य में विलंब हो रहा है। कहा कि आढ़ती बदलते मौसम को देखते हुए तिरपाल आदि की व्यवस्था करें ताकि क़ृषि उपज को नुकसान होने से बचाया जा सके। वीरवार को 200 किसानों को टोकन जारी किए गए थे। शाम साढ़े पांच बजे तक चार हजार क्विंटल बाजरा खरीदा गया है। अगले दिन के लिए 200 किसानों के लिए गेट पास जारी कर दिए गए हैं। जिन किसानों का शेड्यूल में नाम होगा उन्हीं का ही बाजरा खरीदा जाएगा।
एमएसपी पर खरीद की मांग को लेकर दिया धरना
किसान संगठन एआईकेकेएमएस के सदस्यों ने वीरवार को बाजरे की एमएसपी पर खरीद समेत अन्य मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष बलबीर सिंह के नेतृत्व में अटेली अनाज मंडी में धरना दिया। वहीं मार्केट कमेटी के सचिव को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार बाजरा खरीद में नाजायज शर्तें हटाकर 1950 के स्थान पर 2350 रुपये एमएसपी पर बाजरे की खरीद सुनिश्चित करे।
सरकार किसानों के साथ भावांतर योजना के नाम पर छलावा कर रही है। जिले की मुख्य फसल बाजरा है। बेमौसम बारिश से किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। सरकार किसानों के इस नुकसान की भरपाई करे। सभी मंडियों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। धरने में जिला प्रधान अभय सिंह, अमर सिंह, अमर सिंह चंदपुरा उपस्थित रहे।