महेंद्रगढ़। जिला नगर योजनाकार नारनौल की टीम की ओर से बुधवार को कनीना व दादरी रोड पर करीब 15 एकड़ में अवैध रूप से विकसित की जा रही कालोनियों के निर्माण को ढहाया। राजस्व संपदा गांव कनीना में लगभग छह एकड़ भूमि में अवैध कालोनी में तोड़फोड़ की कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही में लगभग 40 डीपीसी तथा पांच चारदीवारी व दो अवैध निर्माण के साथ- साथ सभी रोड नेटवर्क उखाड़े गए।
जिला नगर योजनाकार नारनौल गुंजन वर्मा की अगुवाई में कनिष्ठ अभियंता धर्मपाल, योगेंद्र कुमार, विकास, नरेश कुमार के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में जिला प्रशासन की मदद से यह कार्रवाई अमल में लाई गई। जिला नगर योजनाकार गुंजन वर्मा ने लोगों से अपील की है कि कोई भी निर्माण बिना विभागीय अनुमति के न करे तथा महानिदेशक, नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग से लाईसेंस अनुमति लेने उपरांत ही कृृषि भूमि को रिहायशी अथवा वाणिज्यिक उपयोग के लिए परिवर्तित करे अन्यथा ऐसा करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी। आम जन से अपील की जाती है कि किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लाट प्रापर्टी डीलर्स के बहकावे में आकर न खरीदें और न ही अवैध निर्माण करें।