वरिष्ठ नागरिक संगठन की मासिक बैठक रविवार को किला रोड स्थित साध्वी मिश्री देवी आश्रम में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता संगठन के प्रधान दुलीचंद शर्मा ने की। बैठक में प्रस्ताव पास कर रेलवे विभाग से अनुरोध किया गया कि रेवाड़ी से जोधपुर, जोधपुर से रेवाड़ी वाया नारनौल, रेवाड़ी से जयपुर वाया नारनौल और पूर्व घोषणा के अनुसार उदयपुर से जम्मू के लिए ट्रेनें चलाई जाएं। इसके अतिरिक्त चंडीगढ़ से बांद्रा की गाड़ी का प्रतिदिन संचालन की जाए। वरिष्ठ नागरिकों को किराये में पहले की तरह दी गई छूट को फिर से लागू किया जाए। शहर की सड़कों पर हुए अतिक्रमण को हटाया जाए। आजाद चौक से महावीर चौक तक सड़क का निर्माण करवाया जाए। शहर की पुरानी इमारतों पर उर्दू व फारसी में लिखे अभिलेखों का हिंदी में अनुवाद करवया जाए।
बैठक के बाद चुनाव अधिकारी सुरेश भारद्वाज और सहायक चुनाव अधिकारी की देखरेख में 1 अप्रैल से तीन वर्ष के लिए सर्वसम्मति से दुलीचंद शर्मा को संगठन का दोबारा से प्रधान और ओमप्रकाश मान को उप प्रधान, मुखराम सैनी को महामंत्री, शिव हरी अग्रवाल को संयुक्त सचिव व सोहनलाल चौहान को वित्त सचिव निर्वाचित किया गया। बैठक में प्रमुख रूप से संगठन के संरक्षक अजीत जैन ने असहाय लोगों की निशुल्क आंखों के ऑपरेशन करवाने की स्वीकृति दी।