हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय से नारनौल, दादरी, रेवाड़ी की ओर जाने वाले विद्यार्थियों को रोडवेज की बसों में लटककर सफर करना को पड़ रहा है। लड़कियों को बसों के अंदर खड़े होकर जाना पड़ रहा है। कई बार छात्राओं को पायदान पर खड़े होकर सफर करना पड़ता है।
हकेंविवि में करीब 2500 से अधिक विद्यार्थी हैं। जिसमें करीब 800 विद्यार्थियों के पास ही हॉस्टल की सुविधा है। अन्य विद्यार्थी महेंद्रगढ़, नारनौल, रेवाड़ी, दादरी से रोडवेज की बसों में सवार होकर आते हैं। यूनिवर्सिटी के छात्र अक्षय मालड़ा ने कहा पिछले कुछ समय में रोडवेज बसों की संख्या कम कर दी गई है। जिस कारण यूनिवर्सिटी परिसर से आने वाले विद्यार्थियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में करीब दस दिन पहले विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी के यातायात अधिकारी के जरिए रोडवेज महाप्रबंधक को अपनी शिकायत भेजी थी। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। विद्यार्थियों को बसों की कमी के कारण जान हथेली पर लेकर सफर करना पड़ रहा है। महज दो बसों के सहारे जिला के विभिन्न गांवों के विद्यार्थी महेंद्रगढ़ और नारनौल बस स्टैंड पहुंचते हैं। एक ओर सरकार की ओर से छात्राओं के लिए स्पेशल बस का दावा किया जाता है। दूसरी ओर यूनिवर्सिटी की छात्राओं को बसों की खिड़की में पायदान पर खड़े होकर सफर करना पड़ता है। छात्र अक्षय मालड़ा ने बताया कि अटेली तथा नारनौल की बसों को बंद कर दिया गया था। इन बसों को दोबारा शुरू कराने की मांग कई बार कर चुके हैं।