तालमेल कमेटी व जन संगठनों के प्रदेशव्यापी आह्वान पर वीरवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी नारनौल के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन कर सुपरिंटेंडेंट को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बर्खास्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एकमुश्त बहाल करते हुए आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की न्यायसंगत मांगों को स्वीकार करने की मांग की गई। विभाग के अधिकारियों द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को डरा-धमका कर केंद्र खोलने का दबाव बनाने का विरोध किया।
जिला प्रधान कृष्णा ने तालमेल कमेटी की 30 मार्च को रोहतक मीटिंग के फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि 8 अप्रैल को आंगनबाड़ी आंदोलन के 4 माह पूरे होने पर सरकार की हठधर्मिता, वादाखिलाफी तथा सरकार की दमनकारी कार्रवाई के खिलाफ प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। इसे हर जिले के मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। जिला प्रधान ने कहा कि एक अप्रैल को मुख्यमंत्री के फतेहाबाद आगमन पर जन संगठनों व तालमेल कमेटी के प्रतिनिधि आंदोलन के समाधान हेतु मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे। धरने प्रदर्शन को कामरेड ओमप्रकाश, मास्टर सूबे सिंह, छाजूराम रावत, शेर सिंह, संतोष ढिल्लो, विजय यादव, राजकुमारी, सावित्री, कमलेश, उर्मिला, मोनिका, संतरा, गुड्डी, कृष्णा कुमारी, बलजीत, प्रेमलता, ममता, शारदा, सुनीता, भानमती व मुकेश कुमार ने संबोधित किया।