नारनौल। जिला नगर योजनाकार की टीम ने बुधवार को सिंघाना रोड पर लगभग सात एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही तीन अवैध कालोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई की। जिसमें टीम ने आठ डीपीसी, एक मकान और रोड नेटवर्क उखाड़ दिए। इससे पहले भी टीम इस अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ कर चुकी है।
डीटीपी प्रवीण कुमार ने बताया कि सिंघाना रोड पर कुछ लोगों द्वारा लगभग सात एकड़ में बिना अनुमति लिए तीन अवैध कॉलोनियां बनाई जा रही थीं और रोड नेटवर्क बिछाए जा रहे थे। जिला प्रशासन की मदद से नायब तहसीलदार रतन लाल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किया गया। इस कार्रवाई में लगभग आठ डीपीसी, एक मकान के साथ-साथ रोड नेटवर्क उखाड़ दिए गए। डीटीपी प्रवीण कुमार चौहान की अगुवाई में स्टाफ सदस्य जेई ओमप्रकाश राघव, जेई हेमंत यादव, राजपाल प्रारूपकार, नरेश व विकास, इत्यादि के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई गई। जिला नगर योजनाकार ने लोगों से अपील की है कि नियंत्रित क्षेत्र/शहरी क्षेत्र में कोई भी निर्माण बिना विभागीय अनुमति के न करें।