महेंद्रगढ़। प्रशासनिक भवन में मंगलवार को आयोजित कैंप कार्यालय में क्षेत्र के 48 लोगों ने उपायुक्त के समक्ष जमीनी विवाद, रास्तों, नालियों, बीपीएल राशन कार्डों, कब्जे व पेंशन संबंधित समस्याएं रखी। उपायुक्त द्वारा अधिकारियों को आदेश देकर अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया। उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
सरकार की नीतियों को लागू करने का काम अधिकारियों का होता है, ऐसे में अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि नागरिकों को छोटे-छोटे कार्य के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर ना लगाना पड़े। सरकार के निर्देश पर हर मंगलवार को महेंद्रगढ़ के प्रशासनिक भवन में यह कैंप कार्यालय इसी उद्देश्य के लिए लगाया गया है ताकि लोगों को नारनौल न जाना पड़े। इस मौके पर एसडीएम दिनेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा, बीडीपीओ निशा तंवर, मत्स्य अधिकारी सोमदत्त, सुपरिंटेंडेंट सुदेश पुनिया, राजेंद्र सिंह डीसी रीडर, सुनील गुप्ता कार्यालय समाज कल्याण अधिकारी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से सब-इंस्पेक्टर सुधा, परिवाद लिपिक रामपाल सिंह के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।