तिनका-तिनका फाउंडेशन: अब कुरुक्षेत्र जिला जेल में आएगा अपना रेडियो, जल्द शुरू होगा बंदियों का ऑडिशन
गौरतलब है कि हरियाणा में कुल 19 जेलें हैं, जिनमें से सात जेलों में पहले ही रेडियो लाया जा चुका है। कुरुक्षेत्र रेडियो की तैयारी के तहत अब इन बंदियों को रेडियो के संचालन की ट्रेनिंग दी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा की कुरुक्षेत्र जिला जेल में रेडियो लाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस जेल के बंदियों का ऑडिशन जल्द ही शुरू किया जाएगा। इनके ऑडिशन और ट्रेनिंग का काम जेल सुधारक और तिनका तिनका फाउंडेशन की संस्थापक वर्तिका नंदा करेंगी। हरियाणा जेल रेडियो की संकल्पना डॉ. वर्तिका नंदा ने ही की है।
नया स्किल सीखेंगे बंदी
जानकारी के मुताबिक, कुरुक्षेत्र जिला जेल की स्थापना जनवरी, 1995 को हुई थी। इस समय इस जेल में लगभग 670 बंदी हैं, जिनमें 32 महिला बंदी शामिल हैं। हरियाणा कारागार के महानिदेशक मोहम्मद अकील के मुताबिक, अब तक हरियाणा की जिन जेलों में रेडियो स्थापित हुआ है, वहां इसका प्रभाव काफी प्रशंसनीय रहा है। इससे बंदियों की संचार की जरूरतें पूरी होती हैं और वे एक नया स्किल सीख पाते हैं।
जेल में ऑडिशन की तैयारी शुरू
जेल के अधीक्षक एसएन जगत के मुताबिक, जेल में ऑडिशन की तैयारी शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि नया साल इस जेल के बंदियों को जेल रेडियो का उपहार दे सकेगा।
हरियाणा में हैं कुल 19 जेलें
गौरतलब है कि हरियाणा में कुल 19 जेलें हैं, जिनमें से सात जेलों में पहले ही रेडियो लाया जा चुका है। कुरुक्षेत्र रेडियो की तैयारी के तहत अब इन बंदियों को रेडियो के संचालन की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद रेडियो लाने की प्रक्रिया के तहत जेल रेडियो का कमरा तैयार किया जाएगा। हरियाणा के पहले जेल रेडियो का उद्घाटन जेल मंत्री रणजीत सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह एवं जेल) आईएएस राजीव अरोड़ा और हरियाणा जेल महानिदेशक आईपीएस के सेल्वराज ने किया था।
वर्तिका नंदा कर रहीं जेल में रेडियो लाने का काम
2019 में तिनका तिनका फाउंडेशन ने आगरा जिला जेल में जेल रेडियो स्थापित किया था। हरियाणा जेल रेडियो उन्हीं की संकल्पना पर आधारित है। वह तिनका मॉडल ऑफ प्रिजन रिफॉर्म के तहत देश की जेलों में रेडियो लाने पर काम कर रही हैं। वर्तिका नंदा दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज में पत्रकारिता विभाग की प्रमुख हैं।