कुरुक्षेत्र में बड़ा हादसा: भाखड़ा नहर में बहे एनआईटी के दो छात्र, एक उत्तरप्रदेश व दूसरा बिहार का रहने वाला
एक छात्र नहर में बह गया, जिसे बचाने के लिए दूसरे छात्र ने प्रयास किया तो वह भी साथ ही बह गया। अन्य छात्रों ने वापस आकर यह सूचना दी, जिसके बाद संस्थान प्रशासन में हड़कंप मच गया।
विस्तार
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में नरवाना ब्रांच नहर में मंगलवार की देर शाम नहाने गए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के दो छात्र पानी के तेज बहाव में बह गए। काफी खोजबीन के बाद दोनों छात्रों का कोई सुराग नहीं लग पाया। दोनों छात्र सिविल इंजीनियर विभाग में फाइनल ईयर के बताए जा रहे हैं। मौके पर एनआईटी प्रशासन, डीएसपी मुख्यालय सुभाष चंद्र, केयूके थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सहित पुलिस मौजूद है। पुलिस दोनों युवकों की खोज कर रही है।
एनआईटी के कुछ छात्र मंगलवार शाम बटेड़ा हेड पर नरवाना ब्रांच नहर में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान एक छात्र अचानक पानी में बहने लगा, उसे बचाने के लिए दूसरा छात्र भी उसके पीछे हो लिया। तेज बहाव के कारण दोनों छात्र नहर में बह गए। वहीं साथ आए अन्य छात्रों ने मामले की सूचना एनआईटी प्रशासन को पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और नहर में बहे छात्रों की तलाश शुरू कर की।
देर रात तक छात्रों का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया। जांच अधिकारी प्रिंस कुमार ने बताया कि दोनों छात्रों की तलाश की जा रही है। दोनों छात्र सिविल विभाग के फाइनल ईयर के हैं। छात्रों के नाम राहुल और अनुभव बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी दोनों छात्रों की कोई स्पष्ट पहचान सामने नहीं आई है।