कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने अलग-अलग जगह हुई छीनाझपटी की दो वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने इन वारदात में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अभिषेक उर्फ अभि निवासी सांगी जिला रोहतक, राहुल उर्फ चीकू निवासी उमरी, शिवा निवासी रतगल, सन्नी उर्फ टोपी निवासी सेक्टर-सात, रोहित निवासी सेक्टर-नौ, रोनित उर्फ नोनू निवासी सेक्टर-सात और मोनू निवासी सुंदरपुर के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तीन बाइक, छीने गए पांच हजार, मोबाइल व पर्स बरामद हुए।
थाना शहर थानेसर में 12 अप्रैल को दर्ज शिकायत में नवाब सिंह हाल निवासी कुरुक्षेत्र ने बताया था कि वह सुबह करीब साढ़े तीन बजे अपने भाई लोकेश के साथ बाइक पर सब्जी मंडी जा रहा था। पलवल चौक के पास पहुंचे तो बाइक पर आए तीन युवक उनका रास्ता रोककर मोबाइल व पर्स छीनकर भाग गए थे। उसके पर्स में करीब पांच हजार रुपये और आधार कार्ड था। उधर, थाना सदर में संदीप हाल निवासी कुरुक्षेत्र ने बताया था कि सुबह करीब साढ़े तीन बजे वह अपने मामा सुधीर के साथ अपनी बहन सुमन को लेने के लिए पिपली बस अड्डे पर जा रहा था। जिंदल चौक पर पहुंचे तो पीछे से एक बाइक पर आए दो युवकों ने डरा-धमकाकर उनका पर्स व मोबाइल छीन लिया था। पर्स में करीब तीन हजार रुपये व जरूरी कागजात थे। शिकायत पर मामला दर्ज कर दोनों मामले की जांच सीआईए-एक ने करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से वारदात में प्रयोग की तीन बाइक, पांच हजार रुपये, मोबाइल व पर्स बरामद किए गए। अदालत के आदेश से आरोपियों को कारागार भेज दिया गया।