कुरुक्षेत्र। सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट की जिला इकाई एवं जिला रेडक्रॉस समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय रेडक्रॉस भवन में संचालित निशुल्क महिला सिलाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के पिछले बैच की सफल महिला प्रशिक्षणार्थियों को ट्रस्ट द्वारा प्रमाणपत्र वितरित किए गए। ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला रेडक्रॉस समिति कुरुक्षेत्र डॉ. सुनील कुमार के प्रतिनिधि के रूप में समिति की जिला प्रशिक्षण अधिकारी अंजू कश्यप एवं विशिष्ट अतिथि ट्रस्ट के अंबाला जोन प्रभारी स. लखविंदर पाल सिंह ग्रेवाल ने सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
जिला प्रधान गुलशन कुमार ग्रोवर ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, ट्रस्ट के उपस्थित पदाधिकारीगण एवं सभी पूर्व व वर्तमान प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। स. लखविंदर पाल सिंह ग्रेवाल ने सरबत दा भला ट्रस्ट द्वारा संचालित विभिन्न सेवा कार्यों के बारे में संक्षेप में बताया। मुख्य अतिथि अंजू कश्यप ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा संचालित सिलाई व कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र से सफलता पूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करके कोई भी महिला अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकती है। उन्होंने जिला रेडक्रॉस समिति द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों के बारे में बताया और सभी प्रशिक्षणार्थियों को आह्वान किया कि वे विश्व की सबसे बड़ी गैर सरकारी संस्था रेडक्रॉस समिति के साथ जुड़कर सेवा कार्यों में भी सहयोग करें । इस अवसर पर जिला महासचिव सूबेदार रविंद्र कौशिक, सह सचिव विनोद शर्मा, प्रशिक्षण सह सलाहकार किरण कश्यप इत्यादि उपस्थित रहे।